विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मस्जिद प्रकरण: CM पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला गिरफ्तार 

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 08 Sep 2026 11:38 AM (IST)

Saharanpur News: सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला को मुख्यमंत्री पर कथित अभद्र टिप्पणी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस हिरासत में सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला। सौ. पुलिस

पुलिस हिरासत में सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला। सौ. पुलिस

HighLights

  1. सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर की मस्जिद हटाने की कार्रवाई को वायरल वीडियो से जुड़ा मामला

  2. थाना सदर बाजार पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद शांतिभंग की धाराओं में किया चालान

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। कलक्ट्रेट परिसर स्थित अवैध मस्जिद को हटाए जाने की प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कथित अभद्र और भड़काऊ टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला को गिरफ्तार कर लिया। थाना सदर बाजार पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद शांतिभंग की धाराओं में चालान किया है।

इस मामले में कार्रवाई अधिवक्ता दुष्यंत सिंह की ओर से दी गई तहरीर पर हुई। दुष्यंत ने आरोप लगाया है कि दिल्ली निवासी हुदा जरीवाला ने अवैध मस्जिद को हटाए जाने की प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अशोभनीय एवं भड़काऊ टिप्पणी की। इसके साथ ही डीएम सहारनपुर के खिलाफ भी कथित टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने अपनी तहरीर में कथित टिप्पणियों से क्षेत्र की शांति व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सोमवार को सर्किट हाउस में सपा प्रतिनिधिमंडल के साथ जाने को लेकर हुदा जरीवाला की पुलिसकर्मियों से बहस हुई थी। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें मौके से हटाने का प्रयास किया, जिस पर कथित तौर पर विवाद बढ़ गया और हंगामे जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित टिप्पणी से संबंधित शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया और उसका शांतिभंग में चालान कर दिया गया। हुदा जरीवाला पूर्व में लंदन के एक मीडिया संस्थान में एंकर के रूप में कार्य कर चुकी हैं। वर्तमान में वह स्वयं को सामाजिक कार्यकर्ता बताती हैं। एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि पुलिस इस मामले से जुड़े वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मस्जिद ध्वस्तीकरण के मलबे से ईंटे उठाकर ले जा रहे लोग

मस्जिद के ध्वस्तीकरण के बाद उसका मलबा अंबाला रोड पर ले जाकर डाला गया था। अब इस मलबे से मुस्लिम समाज के लोग ईंटों को अपने घर लेकर जा रहे हैं। उनका कहना है कि वह इन ईंटों को यादगार के तौर पर उठाकर अपने घर में रखेंगे।