विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंकित बालियान मर्डर: ताबड़तोड़ फायरिंग से पुलिस के इकबाल को चुनौती, धड़ाधड़ गिरे शटर; व्यापारियों ने बंद की दुकानें

Updated: Thu, 27 Aug 2026 01:20 AM (IST)

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस ...और पढ़ें

सहारनपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग। सांकेतिक फोटो

सहारनपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की शामली में हत्या।

  2. बाइक सवार हमलावरों ने जिम के बाहर गोली मारी।

  3. वारदात के बाद लोगों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया।

अभिषेक कौशिक, शामली। बाइक सवार हमलावरों ने न केवल हरियाणवी सिंगर की शाम ढलते ही गोली मारकर हत्या कर दी, बल्कि पुलिस के इकबाल को भी खुली चुनौती दी। वारदात के दौरान बदमाश पूरी तरह से बेखौफ थे। उनको न तो पुलिस का डर था, और न ही कानून व्यवस्था का। वह तो बस अंकित का जिम से बाहर आने का इंतजार कर रहे थे।

बाहर आते ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटनास्थल के पास ही हर वक्त पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहते हैं और नाला पटरी मार्ग पर लगातार आवाजाही बनी रहती है। बावजूद इसके हमलावर आए और सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।

खौफ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास के व्यापारियों ने दुकानों के शटर गिरा दिए और लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। कुछ देर बाद जब पुलिस पहुंची तो माहौल सामान्य हुआ, लेकिन तब भी लोगों के चेहरे पर खौफ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल थे।

कोतवाली क्षेत्र से तीन से चार सौ मीटर दूर नाला पटरी मार्ग पर हर वक्त आवाजाही रहती है। यहां पर सड़क के दोनों ओर दुकानें हैं, तो घरों में लोग रहते हैं। फास्ट फूड के ठेले भी लगे रहते हैं। शाम के वक्त जैसे ही बदमाशों ने एक के बाद एक 20 गोलियां चलाई तो पहले तो कोई कुछ समझ ही नहीं पाया और फिर दहशत में आसपास के व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए।

कुछ दुकानदार और ग्राहक अंदर ही बंद हो गए जबकि कुछ भागते-दौड़ते इधर-उधर हो गए। बेखौफ बदमाश लगातार गोली चलाते रहे, जिससे हर तरफ दहशत फैल गई। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद हवाई फायरिंग करते हुए बदमाश फरार हो गए। सरेराह ऐसी दुस्साहसिक वारदात कर बदमाशों ने सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों के जाने के 10 से 15 मिनट बाद शटर और दरवाजे खुले।

शामली पुलिस मुर्दाबाद के लगे नारे

हत्याकांड के बाद स्वजन और अन्य लोगों में गुस्सा था। उन्होंने वर्मा मार्केट के नजदीक जाम लगा दिया। एसपी, एएसपी, सीओ और कई थानों की पुलिस भी पहुंच गई थी। सभी लोग एक ही मांग कर रहे थे कि उनको इंसाफ चाहिए। इस दौरान कुछ युवा सड़क पर बीच में खड़ी गाड़ियों पर चढ़ गए। लोगों ने काफी देर तक शामली पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए। हालांकि अधिकारी लगातार जल्द ही हमलावरों को पकड़ने का आश्वासन देते रहे।

अंकित की मुखबिरी करने का भी शक

हमलावरों को पता था कि अंकित बालियान जिम में आते हैं, और लगभग उनके जाने का समय भी पता था। लोगों का कहना था कि घटना से पहले कुछ संदिग्ध लोग लगातार सड़क के चक्कर काट रहे थे। घटना से कुछ देर पहले वह जिम के पास ही खड़े थे और अंकित के बाहर निकलते ही फायरिंग शुरू कर दी।