दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे का लोकार्पण 14 को, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन करेंगे। सहारनपुर के गणेशपुर में तैयारियां जोरों पर हैं, जहां पीएम ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर मां डाट काली मंदिर रोड पर की गई फूलों की सजावट व पहुंचा अधिकारियों का काफिला। जागरण
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को हाईवे का उद्घाटन करेंगे।
गणेशपुर में तीन हेलीपैड तैयार, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।
प्रधानमंत्री डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे।
संवाद सूत्र, जागरण, बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन करेंगे। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह चौकन्ना है। सुरक्षा के पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बलों के ठहरने की व्यवस्था आसपास के स्कूलों व गणेशपुर में बनाई गई अस्थाई पुलिस लाइन में की गई है। प्रशासनिक अधिकारी दिन-रात तैयारियों की मानिटरिंग में जुटे है।
सुरक्षा एजेंसियां चप्पे-चप्पे की निगरानी कर रही है। दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर गणेशपुर इन दिनों वीआइपी क्षेत्र में शुमार हो चुका है। यहां हर किसी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गणेशपुर की धरा पर उतरने का इंतजार है। गणेशपुर में तीन हेलीपैड बनकर तैयार है जिनकी जांच के लिए सुरक्षा एजेंसी की टीमें लगी हुई है। सुंदरपुर में पहले एक हेलीपैड बनाया जा रहा था अब वहां पर दो हेलीपैड बनाए जा रहे है।
एक बनकर तैयार हो चुका है जबकि दूसरे का निर्माण चल रहा है। गणेशपुर में बनाए गए हेलीपैड पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हेलीकाप्टर उतरेगा। वहां सुरक्षा के लिए अस्थाई कोतवाली बिहारीगढ़ बना दी गई है। वहीं से हेलीपैड की सुरक्षा व्यवस्था की कमाल संभाली जाएगी।
काली मंदिर पर तैयारियां तेज मां डाट काली मंदिर पर अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई है। प्रशासन सड़क निर्माण व अन्य व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने में जुटा है वही मंदिर में भी रंग-रोगन के साथ साज-सज्जा की तैयारियां शुरू कर दी गई है। मंदिर के महंत रमन प्रसाद गोस्वामी के पुत्र संयम गोस्वामी ने बताया कि जैसे वार्षिकोत्सव पर मंदिर की दिव्य व भव्य सजावट की जाती है वैसी ही प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर की जा रही है। विशेष फूलों की मालाओं से मंदिर को सजाया जाएगा। वह बड़े ही गौरव का क्षण होगा जब प्रधानमंत्री मां डाट काली के मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचेंगे।
खबरें और भी
गणेशपुर-टू-डाट मंदिर तक अफसरों का डेरा
14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हेलीकाप्टर गणेशपुर में उतरेगा। गणेशपुर से लेकर डाट मंदिर तक हलचल होने के साथ ही पूरी आबो हवा बदली सी नजर आ रही है। एक ओर अफसरों का डेरा है, वाहनों में वायरलेस के मैसेज व सायरन की की गूंज सुनाई दे रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गणेशपुर हेलीपैड पर उतरने पर उनका भव्य स्वागत होगा। इसके बाद करीब छह सौ मीटर चलकर दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर पहुंचेगे।
दस हजार लोगों की क्षमता का पंडाल
ग्रीनफील्ड हाईवे स्थित मनोहरपुर रेस्ट एरिया के मैदान में जर्मन हैंगर पंडाल बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। यह पंडाल 51 मीटर चौड़ा व 120 मीटर लंबा होगा जिसमें आठ से दस हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।
हाईवे पर होगा अद्भुत नजारा
हाईवे पर भारतीय संस्कृति व सभ्यता का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। हाईवे पर कुछ कुछ दूरी पर स्टेज बनाकर भारतीय विरासत को दर्शाते हुए धार्मिक-सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत करने के लिए विशेष कार्यक्रमों के आयोजनों की तैयारी की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हाईवे का भ्रमण करते हुए एलिवेटेड रोड से उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की सीमा पर स्थित मां डाट काली मंदिर पहुंचेंगे। यहां पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से देहरादून के महिंद्रा ग्राउंड के लिए रवाना हो जाएंगे और जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
लाख कोशिश के बाद नहीं बन पाती थी सुरंग
अंग्रेजी शासनकाल में जब देहरादून जाने के लिए सड़क का निर्माण किया जा रहा था और डाट मंदिर के पास सुरंग बनाई जा रही थी। दिन में जितनी खुदाई की जाती थी रात में वह खोदी गई सुरंग बंद हो जाती थी। लाख कोशिशों के बाद भी सुरंग नही बन पाई थी जिसके बाद एक इंजीनियर के स्वप्न में माता ने दर्शन देकर मंदिर की स्थापना कराने के संकेत दिए थे। इसके बाद वर्ष 1804 में मां डाट काली मंदिर की स्थापना कराने के बाद ही सुरंग का निर्माण कार्य पूरा हो सका था, जो आज भी आकर्षण का केंद्र है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मां डाट काली के आशीर्वाद से सड़क दुर्घटनाओं से माता सभी की रक्षा करती है।