सहारनपुर में अग्निवीर भर्ती रैली का पहला दिन, हापुड़ जिले के 899 युवाओं में से 600 ने पूरी की दौड़
सहारनपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हुई, जिसमें हापुड़ जिले के 899 युवाओं ने हिस्सा लिया और करीब 600 ने दौड़ पूरी की। यह रैली आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस मेरठ के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है।

पहले दिन हापुड़ जिले के 899 युवाओं में 600 ने पूरी की दौड़।
HighLights
सहारनपुर में अग्निवीर भर्ती रैली का पहला दिन, हापुड़ के युवा शामिल।
899 में से लगभग 600 युवाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में दौड़ पूरी की।
स्टेडियम क्षेत्र छावनी में बदला, सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार से अग्निवीर भर्ती रैली के शुरूआत में हापुड़ जिले के युवाओं में अलग उत्साह दिखाई दिया। 899 युवाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा लिया। इनमें करीब 600 ने दौड़ पूरी की। गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना और हापुड़ तहसील के युवाओं ने दमखम दिखाया।
अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर युवाओं में अलग तरह का उत्साह देखने को मिला। देर रात अभ्यर्थी दस्तावेजों के साथ स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंच गए थे। रविवार रात को करीब एक बजे लाइन में लगे। सुबह होते ही अभ्यर्थियों ने दौड़ में प्रतिभाग किया।
एक राउंड में 100 युवाओं को दौड़ाया गया। छह मिनट 15 सेकेंड में दौड़ पूरी करनी थी। इस दौड़ में करीब 600 युवाओं ने पहले दिन बाजी मारी। मंगलवार को बागपत जिले के बड़ौत, खेकड़ा तहसील के अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।
आर्मी रिक्रूटिंग आफिस मेरठ के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का शुभारंभ डा. बीआर आंबेडकर स्टेडियम में हुआ। भर्ती रैली के प्रथम चरण में हापुड़ जिले के अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
भर्ती रैली का आयोजन कर्नल सत्यजीत बेबले निदेशक भर्ती, एआरओ मेरठ के नेतृत्व में किया जा रहा है। जिसमें अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा सहित विभिन्न चरण शामिल हैं।
सोमवार को हापुड़ जिले की गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना और हापुड़ तहसील के अभ्यर्थियों ने भर्ती रैली में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कुल 899 अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लिया और अपनी शारीरिक क्षमता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। भर्ती मैदान में युवाओं में भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना पूरा करने की इच्छा दिखाई दी।
अभ्यर्थियों का उत्साह बढ़ाने और दौड़ प्रतियोगिता को फ्लैग आफ करने के लिए वीरता पुरस्कार से सम्मानित पूर्व सैनिकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर आनरेरी नायब सूबेदार सतीश कुमार, सेना मेडल, कोर आफ ईएमई तथा सूबेदार भीमसैन सेना मेडल, 10 गार्ड्स उपस्थित रहे।
छावनी में बदला स्टेडियम के आसपास का क्षेत्र
अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान स्पोर्ट्स स्टेडियम परिसर के आसपास का क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया है। सेना के जवानों का आसपास के क्षेत्र में सख्त पहरा है। स्पोर्ट्स स्टेडियम मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। अंबाला रोड पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके अलावा पुलिस भी अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर अलर्ट दिखाई दी।
