विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर के आयान अकरम का भारतीय अंडर-19 टीम में हुआ सेलेक्शन, अब आस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को देंगे चुनौती

Published: Fri, 28 Aug 2026 11:49 PM (IST)

सहारनपुर के मानकमऊ गांव के युवा ऑलराउंडर आयान अकरम का चयन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय अंडर-19 टीम में हुआ है।

भारतीय अंडर-19 टीम में हुआ सहारनपुर के आयान का चयन।

भारतीय अंडर-19 टीम में हुआ सहारनपुर के आयान का चयन।

HighLights

  1. आयान अकरम का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन।

  2. घरेलू श्रृंखला में 37 विकेट और 300 से अधिक रन।

  3. सहारनपुर के मानकमऊ गांव से क्रिकेट का सफर।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। गांव मानकमऊ से क्रिकेट का सफर शुरू करने वाले युवा आलराउंडर आयान अकरम ने प्रतिभा और मेहनत के बल पर क्रिकेट में नाम रोशन किया है। अच्छे प्रदर्शन की बदौलत उनका चयन आस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली शृंखला के लिए भारतीय अंडर-19 टीम में हुआ है।

आयान ने हाल ही में घरेलू शृंखला में उत्तर प्रदेश की ओर से खेलते हुए 37 विकेट चटकाए। सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन परविंदर सिंह ने बताया कि आयान ने बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने पांच मैचों में एक शतक के साथ 300 से अधिक रन भी बनाए।

परविंदर सिंह ने कहा कि भारत में तेज गेंदबाजों के बीच सर्वाधिक विकेट हासिल करना आयान की खास उपलब्धि है। लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते चयनकर्ताओं का ध्यान उनकी ओर गया और उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिली।

उन्होंने उम्मीद जताई कि आयान आस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी प्रतिभा के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की सफलता में योगदान देंगे।

सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता, सचिव यशपाल, उपाध्यक्ष रवि सिंघल, कोषाध्यक्ष पाली कालड़ा, लतीफ उर रहमान, ऋषि चौधरी और सैयद मशकूर ने आयान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

आयान के दादा इनाम सैफी और चाचा अमजद सैफी ने खुशी का इजहार करते हुए बताया कि आयान बचपन से क्रिकेट के प्रति गंभीर रहे हैं और नियमित अभ्यास करते रहे हैं। उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।