विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर नकली करेंसी मामला: नेपाल भागने की आशंका पर 3 आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी, तलाश तेज

Published: Sat, 05 Sep 2026 09:25 AM (IST)

सहारनपुर में 17.29 करोड़ रुपये के नकली करेंसी मामले में तीन आरोपियों के नेपाल भागने की आशंका पर लुकआउट नोटिस जारी किए गए हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. सहारनपुर में 17.29 करोड़ रुपये की नकली करेंसी का मामला।

  2. तीन आरोपियों रवि, सुशील, अमित के खिलाफ लुकआउट नोटिस।

  3. नेपाल कनेक्शन की आशंका, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच जारी।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। 17 करोड़ 29 लाख रुपये की नकली करेंसी से जुड़े मामले में तीन आरोपितों के नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले में नामजद किए गए रवि, सुशील और अमित के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किए हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां अब इनकी तलाश के साथ-साथ उनके संपर्कों और गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही हैं।

घंटाघर के सोफिया मार्केट में स्थित पीएनबी की करेंसी चेस्ट में एसआईटी लगातार जांच में जुटी है। इस मामले में एसएसपी ने क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगाया है। एसआईटी व क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले में आरोपित पीएनबी के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट सोफिया मार्केट के प्रबंधक सुशील कुमार व करेंसी चेस्ट प्रबंधक जगाधरी अमित कुमार के घरों से इलेक्ट्रानिक डिवाइस और महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं।

पीएनबी की करेंसी चेस्ट में नकली नोट मिलने के मामले को 25 दिन बीत चुके हैं, लेकिन जांच अभी तक नोटों की गिनती के फेर में उलझी हुई है। 29 अगस्त को इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था। करेंसी चेस्ट में मिले नकली नोटों कहां से आए यह पता लगाने में पुलिस के साथ ही देश की बड़ी जांच एजेंसियां जुटी है।

कई एजेंसियां जांच में जुटी

वहीं इससे भी बड़ा सवाल यह है कि चेस्ट से निकलकर कितने नोट बैंक की शाखाओं और एटीएम तक पहुंचे। इस सवाल का स्पष्ट जवाब अब तक सामने नहीं आया है। ऐसे में बाजार में नकली करेंसी पहुंचने की आशंका ने चिंता बढ़ा दी है। बता दें कि पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट से भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के करेंसी चेस्ट सहारनपुर के माध्यम से रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) जयपुर भेजी गई करेंसी नकली मिलने के बाद विभिन्न जांच एजेंसियां जांच में लगी हुई है।

बताया जा रहा है कि 6 जुलाई 2026 को सहारनपुर से आरबीआई जयपुर के लिए 111 करोड़ रुपये की करेंसी भेजी गई थी। इस खेप में 500 रुपये के 1900 बंडल और 200 रुपये के नोट के 800 बंडल शामिल थे। करेंसी की पैकिंग और भेजने की प्रक्रिया एक पार्ट टाइम हाउसकीपर को सौंपी गई थी।

तीनों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी

वहीं जिले से सामने आए 17 करोड़ 29 लाख रुपये की नकली करेंसी के मामले ने जांच एजेंसियों के साथ-साथ सुरक्षा तंत्र की भी चिंता बढ़ा दी है। इस पूरे प्रकरण के तार नेपाल तक जुड़ने की बात सामने आने के बाद नकली भारतीय मुद्रा के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

जांच में नेपाल कनेक्शन सामने आने से यह भी आशंका गहराने लगी है कि नकली करेंसी को भारत में खपाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों का इस्तेमाल किया जा रहा था। वहीं एनआइए की नकली करेंसी मामले में सहारनपुर में आमद इस बात को पुष्ट कर रही है।

एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट सोफिया मार्केट के प्रबंधक सुशील कुमार व करेंसी चेस्ट प्रबंधक जगाधरी अमित कुमार के घरों पर एसआईटी ने जांच के दौरान अहम तथ्य बरामद किए है। इसके साथ ही तीनों के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें- सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद पर चला बुलडोजर, जिला जज के फैसले के बाद सुबह-सुबह बड़ा एक्शन