Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सहारनपुर में चाकुओं से गोदकर की पत्नी की हत्या, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

    By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Wed, 08 Jul 2026 12:27 PM (IST)

    सहारनपुर के छुटमलपुर में पति ने घरेलू विवाद में अपनी पत्नी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी, जिससे चार बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। ...और पढ़ें

    (प्रतीकात्मक फोटो)

    (प्रतीकात्मक फोटो)

    HighLights

    1. पति ने घरेलू विवाद में पत्नी को चाकुओं से गोदा।

    2. चार मासूम बच्चों ने खोई अपनी मां, हुए अनाथ।

    3. आरोपी पति फरार, पुलिस कर रही है तलाश।

    संवाद सूत्र, छुटमलपुर (सहारनपुर)। कस्बे की हरिजन कालोनी गली नंबर-2 में बुधवार सुबह करीब नौ बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही फतेहपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

    मीनू.jpg R

    मृतका की पहचान मीनू पुत्री बालकिशन, निवासी हरिजन कालोनी गली नंबर-2 के रूप में हुई है। वह दलित समाज से संबंधित थी और पिछले कुछ समय से पति से विवाद के चलते अपने मायके में रह रही थी। पुलिस व मुहल्लेवासियों के अनुसार उसका अपने पति सन्नी सैनी पुत्र रमेश सैनी, निवासी रजापुर से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।

    हरिजन कालोनी निवासी 32 वर्षीय मीनू की शादी 14 वर्ष पूर्व रजापुर निवासी सन्नी के साथ हुई थी। विगत एक वर्ष से पति-पत्नी में किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। इसे लेकर लगभग 22 दिन पूर्व गांव रजापुर में पंचायत हुई थी। उसके बाद लड़की के स्वजन उसे अपने साथ लेकर छुटमलपुर आ गए थे। तब से वह यहीं रह रही थी। तीन दिन पूर्व भी पति सन्नी अपनी पत्नी से मिलने आया था। उस समय भी दोनों के बीच काफी कहासुनी हुई थी।

    मृतका के भाई सोनू व अंकित ने बताया कि मृतका की बहन दीपा भी पड़ोस में ही रहती है। उसके बच्चों ने सुबह आरोपी को घर में आते हुए देखा था तथा इसकी सूचना अपने घर में मां को दी थी, परंतु वह कुछ कर पाते इससे पूर्व ही आरोपी पति सन्नी अपनी पत्नी की हत्या कर फरार हो गया।

    खबरें और भी

    इस हृदयविदारक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका अपने पीछे चार छोटे बच्चे 13 वर्षीय दिया, 11 वर्षीय चारु, 8 वर्षीय अक्षय और 5 वर्षीय छोटे बेटे को छोड़ गई है। चारों बच्चे पति के पास ही रह रहे थे। इस हत्या के बाद सभी पड़ोसी गहरे सदमे में हैं और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।