बंद मकान से बेटी की शादी के लिए रखे गहनों सहित लाखों की चोरी, अन्य मामले में तीन लाख के कबूतर ले गए चोर
Saharanpur News: सहारनपुर के अंबेहटा में दिनदहाड़े एक बंद मजदूर के घर से चोरों ने नकदी और जेवरात चुरा लिए। ...और पढ़ें

चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
HighLights
अंबेहटा में बंद मजदूर के घर दिनदहाड़े चोरी हुई।
घर की छत से करीब 150 कबूतर चोरी।
संवाद सूत्र, अंबेहटा (सहारनपुर)। अंबेहटा कस्बे के मुहल्ला किला में दिनदहाड़े चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना उस समय हुई जब परिवार रोज की तरह मजदूरी करने बाहर गया हुआ था।
पीड़िता सुरेशो ने बताया कि उनके पति मांगेराम कोल्हू में मजदूरी करते हैं, जबकि वह स्वयं अपनी बेटी के साथ मजदूरी करने जाती हैं। शुक्रवार को भी परिवार घर पर ताला लगाकर काम पर गया था। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान में घुस गए और अलमारी व बक्से के ताले तोड़कर करीब 40 हजार रुपये की नकदी, तीन सोने के लाकेट, एक जोड़ी सोने के कानों के कुंडल, दो जोड़ी पाजेब सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए।
दोपहर में जब परिवार घर लौटा तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा मिला। चोरी की जानकारी होने पर परिवार के होश उड़ गए। पीड़िता ने बताया कि चोरी हुए जेवर उनकी बेटी की शादी के लिए वर्षों से बड़ी मेहनत से जुटाए गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी तपन जयंत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से मुहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
तीन लाख के 150 कबूतर चोरी
नागल: गांव गंझेड़ी में कबूतर चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। गांव निवासी वसीम ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके घर की छत से करीब 150 कबूतर चोरी कर लिए गए। पीड़ित ने चोरी हुए कबूतरों की कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है।
वसीम के अनुसार, घटना वाली रात उसके भाई की तबीयत बिगड़ने पर वह उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर चला गया था। घर पर उस समय केवल महिलाएं थीं। सुबह वापस लौटकर जब वह कबूतरों की देखभाल के लिए छत पर पहुंचा तो वहां रखे अधिकांश कबूतर गायब मिले। मौके पर केवल आठ छोटे बच्चे ही मौजूद थे।
थाना पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
