विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर में शर्मनाक हरकत: PWD के कार्यक्रम में महिला JE काे जबरन शराब पिलाने का प्रयास, मुकदमा दर्ज 

By Vishva Pratap Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 19 Sep 2026 04:04 PM (IST)

Saharanpur News: सहारनपुर में महिला जेई की गर्दन पकड़कर जबरन शराब पिलाने की कोशिश का आरोप लगा है। पीड़िता की ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. रक्तदान शिविर कार्यक्रम के दौरान हुई घटना।

  2. पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर शुरू की जांच

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। लोक निर्माण विभाग के रक्तदान शिविर कार्यक्रम में अवर अभियंता से छेड़छाड़ और जबरन शराब पिलाने का मामला सामने आया है। यह घटना 15 सितंबर को देहरादून चौक स्थित महासंघ के कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई। महिला अवर अभियंता के साथ यह हरकत विभाग के ही आरोपित अवर अभियंता ने की।

लोक निर्माण विभाग में तैनात महिला जूनियर इंजीनियर ने थाने में दी तहरीर में पुलिस को बताया कि इंजीनियर दिवस के अवसर पर लोक निर्माण विभाग के डिप्लोमा इंजीनियर संघ के तत्वावधान में रक्तदान शिविर लगा था, जहां उसके साथ विभाग के ही अवर अभियंता अनुज भारद्वाज ने छेड़खानी की। आरोपित के हाथ में पानी की बोतल थी, जिसमें शराब भरी हुई थी। आरोपित ने पीड़िता की गर्दन पकड़कर जबरन शराब पिलाने की कोशिश की। शोर मचाने पर संघ के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और उसका बचाव किया।

उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के जनपद अध्यक्ष सचिन पंवार ने बताया कि संघ के पदाधिकारी महिला कर्मचारी के समर्थन में हैं। आरोपित अभियंता को महासंघ के खंडीय पदाधिकारी के पद से भी निष्कासित कर दिया गया है। इंस्पेक्टर जनकपुरी प्रदीप कुमार चीमा ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। लोक निर्माण विभाग अधीक्षण अभियंता गगन ने बताया कि प्रकरण की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जिनमें दो महिला सदस्य भी शामिल हैं। जांच के बाद कमेटी सात दिन के भीतर रिपोर्ट देगी। जिसके आधार पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।