फरवरी में शादी, अप्रैल में विदाई और अगस्त में विवाहिता को गला दबाकर मार डाला, सहारनपुर में लव मैरिज का दर्दनाक अंत
Saharanpur News: सहारनपुर में शादी के चार माह बाद 21 वर्षीय नवविवाहिता की दहेज के लिए हत्या कर दी गई। पुलिस ने पति सहित छह ससुरालियों के खिलाफ मामला द ...और पढ़ें

नाजिश का फाइल फोटो
HighLights
पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत छह पर दर्ज किया मुकदमा।
मृतका के गले पर मिले निशान, सभी आरोपित घर से हो गए फरार।
संवाद सूत्र, छुटमलपुर (सहारनपुर)। शादी के महज चार माह बाद ही 21 वर्षीय महिला की दहेज के लिए हत्या कर दी गई। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपित घर से फरार हो गए हैं। मृतका के गले पर निशान मिले हैं।
आशंका है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। दोनों ने परिवार की सहमति के बिना निकाह किया था। बाद में दोनों परिवारों के मानने के बाद दो महीने बाद विदाई हुई थी।
गांव चौबारा निवासी कलीम की पत्नी नाजिश का शव मंगलवार सुबह कमरे में पड़ा मिला। छुटमलपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका के पिता इखलाक निवासी गांव सलेमपुर ने तहरीर में आरोप लगाया कि निकाह के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
आरोप है कि मांग पूरी न होने पर पति कलीम, ससुर महफूज, जेठ नईम, देवर दानिश, जेठानी सना और सास मोमिना ने मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, नाजिश और कलीम शादी से पहले एक-दूसरे को जानते थे। दोनों ने परिवारों की सहमति के बिना फरवरी में निकाह किया था, जबकि 10 अप्रैल 2026 को नाजिस की विदाई हुई थी।
नाजिश परिवार की पांच बेटियों में तीसरे नंबर की थी। इखलाक मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मायके पक्ष के अनुसार, मंगलवार सुबह कैलाशपुर निवासी मृतका के बहनोई जावेद को गांव चौबारा से फोन पर घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद जावेद ने इखलाक को जानकारी दी और सुबह सात बजे स्वजन चौबारा पहुंचे।
खबरें और भी
आरोप है कि मौत के कारण को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद और मारपीट भी हुई। पुलिस के आने से पहले ससुराल के लोग फरार हो गए थे। थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि मृतका के गले पर निशान मिले हैं, पूरी स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।