सहारनपुर वालों के लिए अच्छी खबर: 14 KM फोरलेन समेत सड़कों के निर्माण को 2456 करोड़ के प्रस्ताव, जल्द बजट स्वीकृति की आस
Saharanpur News: सहारनपुर में लोक निर्माण विभाग द्वारा भेजे गए 2456 करोड़ रुपये के सड़क और पुल निर्माण प्रस्तावों को तेजी से बजट स्वीकृति मिल रही है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
14 किमी प्रस्तावित हाईवे बनने पर महानगर को पूरा रिंग रोड मिलेगा।
तीन पुलों के निर्माण के लिए 227 करोड़ के प्रस्ताव भी हैं शामिल।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। सड़कों और पुलों के निर्माण को लोक निर्माण विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर तेजी से अमल होने की संभावना बढ़ रही है। अभी 20 प्रतिशत से अधिक प्रस्तावों को बजट स्वीकृति मिल चुकी है।
विभाग द्वारा यहां से 2456 करोड़ के प्रस्ताव भेजे गए थे। माना जा रहा है कि नवंबर में शत प्रतिशत प्रस्तावों को स्वीकृतियां मिल जाएंगी।
विधायकों से मिले प्रस्तावों में सड़कों के चौड़ीकरण और नए पुलों के निर्माण से संबंधित थे। सबसे अहम् प्रस्ताव बेहट रोड से पुंवारका होते हुए हरोड़ा तक 14 किमी का फोरलेन का था। यह फोरलेन बन जाने पर महानगर को पूरा रिंग रोड मिल सकेगा।
दरअसल पंचकूला-हरिद्वार हाइवे यमुनानगर से यूपी के शाहजहांपुर में यमुना नदी को पार करते हुए प्रवेश करता है। यह हाइवे छुटमलपुर के बाहरी छोर से हरिद्वार की ओर तथा देहरादून की ओर दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारीडोर के रूप में चला जाता है।
सैयद माजरा टोल प्लाजा के पास हरोड़ा में 14 किमी के प्रस्तावित हाईवे के बनने पर महानगर को पूरा रिंग रोड मिल जाएगा। दिल्ली रोड पर चुनहेटी से होकर बेहट रोड पर देवला तक 19 किमी का हाइवे निर्माणाधीन है।
इस हाईवे पर तीन पुलों के निर्माण के लिए 227 करोड़ के प्रस्ताव भेजे गए हैं। अभी तक स्वीकृत प्रमुख प्रस्तावों में जेल चुंगी क्षेत्र में ढमोला नदी पर 4.75 करोड़ से नए पुल का निर्माण, गागलहेड़ी-भगवानपुर कांवड़ मार्ग का 27.78 करोड़ से चौड़ीकरण के अलावा देवबंद, गंगोह, नकुड़ और सहारनपुर देहात की क्षेत्र के सड़कों के नवनिर्माण और सुदृढ़ीकरण से संबंधित हैं।
सूत्रों के मुताबिक लखनऊ स्तर अगले एक सप्ताह में तेजी से प्रस्तावों को बजट स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। नवंबर के अंत तक अधिकतम प्रस्तावों को स्वीकृत कर बजट जारी किए जाने की संभावना है जिससे इसी वित्त वर्ष में कई अहम् कार्य शुरू कराकर उन्हें मार्च-2027 तक पूरा भी कराया जा सके।
जनपद में लोक निर्माण विभाग की सड़कें
- कुल मार्ग: 1215
- पांच कैटेगिरी में राज्य मार्ग, प्रमुख जिला मार्ग, शहरी मार्ग, अन्य जिला मार्ग और ग्रामीण मार्गों की कुल लंबाई: 3542.11 किमी
- ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की कुल लंबाई: 1863.037 किमी
- शहरी क्षेत्र की सड़कों की कुल लंबाई: 48.052 किमी
- ग्रामीण क्षेत्रों में कुल सड़कें: 1080
- शहरी क्षेत्र में कुल सड़कें: 15
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।