चीनी के बाद गेहूं में भी उछाल, एक माह में ही 100-150 रुपये की वृद्धि... अभी और तेजी से इन्कार नहीं
सहारनपुर में गेहूं के दाम में एक महीने में 100-150 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई है, जिससे आम लोगों पर महंगाई का असर पड़ रहा है।

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
गेहूं के दाम में एक माह में 100-150 रुपये तक वृद्धि।
निर्यात पर रोक हटने और एमएसपी से दामों में तेजी।
फ्लोर मिलों को 2850 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा गेहूं।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। चीनी के बाद अब गेहूं के भी दामों में बढ़ोतरी हुई है। एक महीने के भीतर 100-150 रुपये प्रति कुंतल तक की वृद्धि दर्ज की गई है। फ्लोर मिलों को वेयर हाउस से गेहूं की आपूर्ति 2850 रुपये प्रति कुंतल तक हो रही है। अनाज मंडी में प्रति कुंतल गेंहू 2750 रुपये तक है।
नान ब्रांडेड 10 किग्रा पैक 350-360 रुपये तक है, जबकि 10 किग्रा ब्रांडेड पैकेट आटा 390-440 रुपये तक है। केंद्र सरकार द्वारा निर्यात पर लगी रोक हटाने और जल्द एमएसपी घोषित होने की संभावना के चलते दाम में और तेजी की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है। इन दिनों दबे पांव बढ़ रही महंगाई से आम जरूरत के खाद्य पदार्थों के दाम में लगातार तेजी आ रही है।
चीनी के बाद अब गेहूं के दामों में आ रहा उछाल आम वर्ग को प्रभावित करने वाला है। पिछले एक महीने के दौरान प्रति कुंतल गेहूं के दाम में 100 से 150 रुपये का तक उछाल आया है। केंद्र सरकार द्वारा निर्यात पर लगी रोक हटाए जाने के बाद यह तेजी आई है। थोक कारोबारियों के अनुसार, अगले रबी सीजन के लिए के सरकार के जल्द ही गेहूं का एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) घोषित किए जाने की संभावना है।
यह समर्थन मूल्य पिछले सीजन से अधिक होने की संभावना है। बताते चलें कि अप्रैल-2026 में एमएसपी 2585 रुपये प्रति कुंतल किसानों को मिला था। यह वर्ष-2025 के मुकाबले 160 रुपये कुंतल अधिक था। इन दिनों अनाज मंडी में गेहूं 2750 रुपये प्रति कुंतल तक बिक रहा है। फ्लोर मिलों को गेहूं की आपूर्ति 2850 रुपये प्रति कुंतल तक है।
खुले बाजार में आटे का मूल्य
चक्की पर खुला आटा प्रति किग्रा 35-36 रुपये तक है। रिटेल में 10 किग्रा नान ब्रांडेड आटा पैकेट 350 से 360 रुपये तक है। थोक बाजार में 44 किग्रा आटा बोरी 1450 रुपये तक है। 10 किग्रा ब्रांडेड पैकेट 390-440 रुपये तक है।
गेहूं में तेजी के प्रमुख कारण
- केंद्र सरकार द्वारा निर्यात खोलने की अनुमति देने से दाम में आई तेजी
- एमएसपी घोषित होने के बाद गेहूं के दाम में और उछाल की संभावना
यह सामान्य उतार-चढ़ाव है
गेहूं के दाम में यह सामान्य उतार-चढ़ाव है, जो मौसम के अनुसार चलता रहता है। बाजार में गेहूं और उससे निर्मित आटा, सूजी, मैदा आदि की आपूर्ति लगातार बनी हुई है।
अमित जैन, अध्यक्ष आटा मैदा सूजी थोक विक्रेता एसोसिएशन
आगे अच्छा रहने की उम्मीद
वेयर हाउस की गेहूं 2850 रुपये प्रति कुंतल तक बिक रही है। दाम में सभी टैक्स व बारदाना सहित खर्चे जुड़ते है। फिलहाल मंडी में गेहूं बेहद कम आ रही है। आगे अच्छा रहने की उम्मीद है।
प्रदीप तायल, आढ़ती मंडी समिति गंगोह
जल्द घोषित हो सकते हैं रेट
मंडी में गेहूं के दाम 2750 रुपये प्रति कुंतल तक है। एक प्रतिशत मंडी का यूजर चार्ज लगता है। निर्यात की घोषणा से आंशिक रूप में दाम बढ़ गए है। आगामी सीजन के रेट जल्द घोषित हो सकते है।
राजीव कक्कड़, आढ़ती मंडी समिति सहारनपुर
