संभल में गंगा एक्सप्रेसवे पर बस पलटने से 20 सवारियां घायल, दीपावली मनाने बिहार लौट रहे थे यात्री
संभल में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस पलटने से 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। ये मजदूर दीपावली ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद पहुंची पुलिस। गंगा एक्सप्रेसवे पर मजदूरों से भरी स्लीपर बस पलटी, 20 घायल
HighLights
गंगा एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस पलटी, 20 घायल।
दीपावली पर घर लौट रहे थे मजदूर यात्री।
चालक पर नशे में बस चलाने का आरोप।
संवाद सहयोगी, संभल। दीपावली पर घर लौट रहे मजदूरों से भरी स्लीपर बस बुधवार को गंगा एक्सप्रेसवे पर पवांसा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 20 यात्री घायल हो गए। बस में 150 से अधिक यात्री सवार थे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस पंजाब के पटियाला से चली थी और हरियाणा के अंबाला होते हुए बिहार जा रही थी। इसमें सुपौल, दरभंगा, पूर्णिया और सीतामढ़ी समेत कई जिलों के यात्री सवार थे। अधिकांश यात्री मजदूरी करते हैं और दीपावली मनाने घर लौट रहे थे। यात्रियों ने चालक पर नशे में बस चलाने का आरोप लगाया है।
ये हुए घायल
घायलों में सुपौल की कविता देवी, अरूलिया देवी, सरस्वती, रविंद्र कुमार, कवेंद्र सिंह, हिमांशु, रविशंकर, मुकेराम, छत्रीय देवी, नीलम, प्रमोद, राजवती, सोनू, राजीव कुमार और अनस कुमार शामिल हैं। सीतामढ़ी की शिव देवी, उनकी बेटी निम्मी, पोते अंशु कुमार, पति वीरेंद्र कुमार और पुत्रवधू उषा कुमारी भी घायल हुए हैं। पूर्णिया की सुषमा देवी और उनके पति पिंटू कुमार को भी चोटें आई हैं।

हादसाग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटवाया
प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार मलिक ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य कराया गया और दुर्घटनाग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटवा दिया गया है।