विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक ओवरब्रिज 3 साल से अधूरा, अब चंदौसी में ₹111 करोड़ के दूसरे ओवरब्रिज की तैयारी; जानें कहाँ बनेगा

Published: Mon, 26 Oct 2026 02:28 PM (IST)

चंदौसी में भैंतरी फाटक पर 110.83 करोड़ रुपये की लागत से एक नए ओवरब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव शासन को ...और पढ़ें

चंदौसी रेलवे क्रासिंग गेट संख्या 34बी पर लगे जाम में फंसे लोग। जागरण

चंदौसी रेलवे क्रासिंग गेट संख्या 34बी पर लगे जाम में फंसे लोग। जागरण 

HighLights

  1. मुरादाबाद- आगरा मार्ग पर ओवरब्रिज का निर्माण अभी तक नहीं हो पाया पूरा

पंकज शर्मा, चंदौसी। भले ही एक ओवरब्रिज का निर्माण निर्धारित समय से दोगुना वक्त गुजर जाने के बाद भी पूरा नहीं हो पाया हो, लेकिन एक और ओवरब्रिज बनवाने की कवायद शुरू हो गई है। भैंतरी फाटक पर दूसरा ओवरब्रिज बनाने के लिए पर 110.83 करोड़ का प्रस्ताव तैयार करके शासन को भेज दिया गया है।

जनपद का दौरा और परियोजनाओं का लोकार्पण करने 18 जुलाई को आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने एक और ओवरब्रिज बनवाने की मांग की थी।

बताते हैं कि मुख्यमंत्री ने इसकी मंजूरी दे दी है। लोक निर्माण विभाग के उपसचिव अभय प्रताप श्रीवास्तव द्वारा इस संबंध में पत्र जारी किया गया है।

शासन द्वारा मुरादाबाद-फर्रुखाबाद मार्ग रेलवे क्रासिंग गेट संख्या 34-ए यानी भैंतरी फाटक पर ओवर ब्रिज बनने के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। विभाग के अनुसार इसकी अनुमानित लागत 110.83 करोड़ रुपये तथा लंबाई लगभग एक किलोमीटर होगी।

क्रासिंग के बार-बार बंद होने से रोजाना सैकड़ों वाहन व हजारों लोगों को जाम से जूझना पड़ता है लेकिन ओवरब्रिज के निर्माण से यातायात व्यवस्था सुधरेगी और जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।

तीन साल में भी नहीं बन पाया ओवरब्रिज

चंदौसी। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर ओवरब्रिज का निर्माण जब शुरू हुआ था तो लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब फाटक बंद होने के बाद जाम का झंझट खत्म हो जाएगा।

मगर, ओवरब्रिज बनने की करीब डेढ़ साल की मियांद डेढ़ साल पहले ही निकल गई। तीन साल गुजर जाने के बाद भी यह पूरा नहीं हो पाया है और लोगों के लिए और ज्यादा मुसीबत बन गया है।

 

मैंने ओवर ब्रिज बनवाने की मांग रखी थी, जिसकी मुख्यमंत्री ने स्वीकृति दे दी थी। जल्दी ही बजट पास कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

- गुलाब देवी, राज्यमंत्री

 

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद रेलवे क्रासिंग गेट संख्या 34-ए पर ओवर ब्रिज के लिए सेतु निगम द्वारा सर्वे कराया गया था। इसके बाद शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है।

- ज्ञान प्रकाश, जेई, सेतु निगम


यह भी पढ़ें- संभल में फिर सुलगने लगी पुरानी सियासी अदावत: अखिलेश यादव की एक सीट और आमने-सामने दो दिग्गज खानदान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।