विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

संभल में बावड़ी से निकली जहरीली गैस, रोका गया खोदाई का काम; दिखाई देने लगा दूसरी मंजिल का दरवाजा

Published: Thu, 02 Jan 2025 07:45 AM (IST)

संभल में बावड़ी की खुदाई के दौरान जहरीली गैस निकलने से खलबली मच गई है। दूसरी मंजिल के दरवाजे दिखाई ...और पढ़ें

चंदौसी के लक्ष्मणगंज में बावड़ी की सफाई के बाद कुछ इस तरह दिखाई दे रही बावड़ी। जागरण
चंदौसी के लक्ष्मणगंज में बावड़ी की सफाई के बाद कुछ इस तरह दिखाई दे रही बावड़ी। जागरण

जागरण संवाददाता, संभल। चंदौसी में बावड़ी की 12वें दिन भूमिगत दूसरी मंजिल की खोदाई के दौरान गैस निकलने से खलबली मच गई। दूसरी मंजिल के दरवाजे दिखाई दिए। आगे की खोदाई पर धुआं निकलने लगा। मजदूरों को आक्सीजन की कमी भी महसूस हुई। लिहाजा जहरीली गैस मानकर खोदाई रोक दी गई।

पहली मंजिल की सफाई का कार्य चल रहा है। 21 दिसंबर को समाधान दिवस में शिकायत आने के बाद डीएम राजेन्द्र पैंसिया ने मुहल्ला लक्ष्मणगंज में खाली प्लाट में खोदाई शुरू कराई। उसमें बावड़ी निकली है। बावड़ी की जमीन से ऊपर एक मंजिल को ध्वस्त कराकर मकान बना लिए गए हैं। प्लाट की खोदाई कराने पर बावड़ी की एक मंजिल निकल आई है।

बुधवार को आगे की खोदाई करते वक्त गैस निकलने पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के अधिकारी राजेश मीणा से बात की गई है। उसके बाद खोदाई रोक दी गई। राजस्व अभिलेखों के अनुसार 400 वर्ग मीटर में बनी बावड़ी के ऊपर केवल 210 वर्ग मीटर का प्लाट ही खाली है। बाकी भूमि पर कब्जा कर मकान बना लिए हैं।

बावड़ी के ऊपर एक मकान की दीवार भी मिली है। भूमिगत पहले मंजिल में चारों ओर बने बरामदे के 12 दरवाजे और नीचे की ओर जाती सीढ़ियां साफ दिखाई दे रही है। लाल रंग के पत्थर से बना फर्श नजर आ रहा है। पूरी तरह फिनिशिंग दिखाई दे रही है। दीवारों में प्राचीन आठ आले भी हैं। एक और मंजिल होने की संभावना जताई जा रही है।

जामा मस्जिद के सामने पुलिस चौकी भवन का रात में पड़ा लिंटर

जामा मस्जिद के सामने निर्माणाधीन पुलिस चौकी भवन की पांचवे दिन चाहरदीवारी खड़ी हो गई थी। बुधवार देर रात लिंटर डालना शुरू कर दिया गया। माना जा रहा है कि एक माह में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी जाएगी। हिंसाग्रस्त इस क्षेत्र में 28 दिसंबर को भवन का भूमि पूजन किया गया था।

इधर, खग्गू सराय और दीपा सराय में पुलिस चौकियां खोलने की कवायद तेजी से चल रही है। दोनों स्थानों पर सरकारी भूमि पर ही भवन बनाए जाने की संभावना है। दीपा सराय में पहले से अस्थाई चौकी है। अस्थाई चौकी के स्थान पर ही स्थाई चौकी के भवन का निर्माण होगा। खग्गू सराय में 46 साल से बंद मिले शिव मंदिर के पास ही चौकी खोलने के प्रयास है।

पांच करोड़ से लगेंगे सीसीटीवी

जिलाधिकारी डा. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि संभल में सभी 19 प्राचीन कूपों को तलाश कर उनको पुनर्जीवित करने का काम शुरू कर दिया गया है। 68 में 34 तीर्थ भी अस्तित्व में आ गए हैं। संभल के चारों कोनों पर स्थित शिव मंदिरों में से तीन की तलाश कर ली गई है। संभल को शेफ सिटी बनाने के लिए पांच करोड़ रुपये से सीसीटीवी लगाए जाएंगे। 2025 में संभल जिले में काफी परिवर्तन नजर आएगा।

इसे भी पढ़ें: सपा सांसद के मकान पर बुलडोजर एक्शन की तैयारी! जियाउर्रहमान बर्क को प्रशासन ने थमाया आखिरी नोटिस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।