Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गंगा एक्सप्रेसवे अपडेट: संभल में काम हुआ पूरा, अप्रैल के अंत में दौड़ेंगी गाड़ियां; देखें रूट और इंटरचेंज की पूरी जानकारी

    Updated: Thu, 16 Apr 2026 09:18 AM (IST)

    मेरठ से प्रयागराज तक 594 किमी लंबा गंगा एक्सप्रेसवे संभल जिले में पूरी तरह तैयार है। 45 किमी के दायरे में सभी निर्माण, सुरक्षा कार्य और सर्विस लेन पूर ...और पढ़ें

    HighLights

    1. सर्विस लेन व सुरक्षा कार्य भी पूरे, संचालन के लिए तैयार गंगा एक्सप्रेसवे

    2. जिले में एक्सप्रेसवे से औद्योगिक और लाजिस्टिक गतिविधियों को मिलेगी गति

    संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। मेरठ से प्रयागराज तक 594 किमी लंबा गंगा एक्सप्रेसवे अब पूरी तरह तैयार हो चुका है और संचालन के लिए तैयार है। संभल जनपद में करीब 45 किमी दायरे में फैले इस एक्सप्रेसवे ने 31 गांवों से गुजर रहे इस एक्सप्रेसवे को जिले से सीधे जोड़ते हुए क्षेत्रीय कनेक्टिविटी का नया माडल तैयार किया है। जिसमें निर्माण और फिनिशिंग के सभी कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं और अब केवल सरकार की औपचारिक हरी झंडी का इंतजार है।

    अनुमान है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह या मई की शुरुआत में इसका लोकार्पण हो सकता है, जिसके बाद इस मार्ग पर तेज और सुगम आवागमन शुरू हो जाएगा। इसके शुरू होने से न केवल यात्रा समय में कमी आएगी बल्कि औद्योगिक और लाजिस्टिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

    दरअसल, जिले में गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण 2021 में खरीदी गई जमीन के बाद 2022 से हुआ था, जोकि पूरी तरह संपन्न हो चुका है, जिसमें बहजोई क्षेत्र के निकट लहरावन में आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे से जोड़ने के लिए प्रमुख इंटरचेंज बनाया गया है, जबकि संभल के खिरनी मोहिद्दीन पर मुरादाबाद-अलीगढ़ और बुलंदशहर मार्ग को जोड़ने वाली इंटरचेंजिंग भी तैयार कर ली गई है।

    एक्सप्रेसवे के साथ सर्विस लेन, अंडरपास, ड्रेनेज सिस्टम, लाइटिंग और सुरक्षा मानकों से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए गए हैं, जिससे स्थानीय और बाहरी यातायात दोनों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित होगा। कैलादेवी क्षेत्र को जोड़ने के लिए बेहतर संपर्क मार्ग विकसित किए गए हैं, जिससे धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

    खबरें और भी

    इसके अलावा एक्सप्रेसवे के किनारे प्रस्तावित इंडस्ट्रियल और लाजिस्टिक हब से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है। निर्माण एजेंसियों द्वारा फिनिशिंग और गैपिंग के कार्य भी अंतिम रूप से पूरे कर लिए गए हैं और परियोजना को पूर्ण घोषित कर दिया गया है।

    वर्तमान में निरीक्षण और तकनीकी मूल्यांकन की प्रक्रिया चल रही है, जिसमें अधिकारी मेरठ से संभल तक इसी एक्सप्रेसवे के माध्यम से आवागमन कर रहे हैं। सभी तैयारियों के पूर्ण होने के बाद अब शासन स्तर से लोकार्पण की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है, जिससे यह एक्सप्रेसवे जल्द ही जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

     

    गंगा एक्सप्रेसवे का संभल जनपद समेत सभी जगह पूरा कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार पूर्ण कर लिया गया है। सभी इंटरचेंज, सर्विस लेन और सुरक्षा व्यवस्थाएं तैयार हैं। अंतिम निरीक्षण प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही लोकार्पण के बाद एक्सप्रेसवे आमजन के लिए खोल दिया जाएगा।

    - राकेश मोगा, अधिशासी अभियंता, यूपीडा, मेरठ।


    यह भी पढ़ें- खुशखबरी: अब मर्जी के मालिक होंगे बिजली उपभोक्ता, स्मार्ट मीटर के लिए नहीं होगी कोई जोर-जबरदस्ती