विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

संभल के गुुन्नौर में होगी बुलडोजर की बड़ी कार्रवाई, 50 से ज्‍यादा मकान-दुकान स्वामियों को नोटिस जारी होने से खलबली

Published: Thu, 11 Sep 2025 07:44 PM (IST)

गुन्नौर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा है जिसमें नगर पंचायत ने नेहरू चौक से तहसील रोड तक 50 से ...और पढ़ें

गुुन्नौर में तहसील तक जाने वाले मार्ग से भी हटेगा अतिक्रमण।- सांकेत‍िक तस्‍वीर
गुुन्नौर में तहसील तक जाने वाले मार्ग से भी हटेगा अतिक्रमण।- सांकेत‍िक तस्‍वीर

संवाद सूत्र, गुन्नौर। नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान जोरों पर है। बीते सप्ताह प्रशासन ने करीब 100 से अधिक दुकानों के आगे बने टीनशेड, बाउंड्री और अवैध चबूतरे गिराए थे। अब नगर पंचायत ने नेहरू चौक से लेकर तहसील रोड तक फैले अतिक्रमण पर सख्ती दिखाते हुए 50 से अधिक मकान व दुकान स्वामियों को नोटिस जारी किए हैं। इस कार्रवाई से नगर में खलबली मची हुई है और लोग बुलडोजर की कार्रवाई से बचने के लिए खुद ही अतिक्रमण हटाने में जुट गए हैं।

गुन्नौर नगर में दशकों से फैला अतिक्रमण अब प्रशासन के निशाने पर है। नगर पंचायत और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार सड़कों और गलियों पर अवैध कब्जे हटाने में जुटी हुई है। बीते सप्ताह करीब चार से पांच दिन तक लगातार कार्रवाई चलाकर प्रशासन ने लगभग 100 दुकानों के आगे बने टीनशेड, बाउंड्री दीवारें और अवैध निर्माण को जेसीबी से गिरा दिया।

जिन लोगों ने दुकानों और मकानों के सामने टीनशेड, चबूतरे या दीवारें खड़ी कर रखी थीं, वे अब खुद ही अपने हाथों से इन्हें तोड़ने लगे हैं। लोगों को डर है कि कहीं बुलडोजर उनकी संपत्ति पर न चल जाए। गुन्नौर नगर का नेहरू चौक मुख्य चौराहा है, जहां से रोजाना हजारों की संख्या में लोग पैदल और वाहनों से गुजरते हैं। यही से तहसील रोड और सदर बाजार की ओर जाने वाले मार्ग पर सबसे अधिक अतिक्रमण फैला हुआ है। दुकानदारों ने फुटपाथ और सड़क पर कब्जा कर टीनशेड और चबूतरे बना लिए थे, जिससे आवागमन में भारी दिक्कत होती थी। अक्सर यहां जाम की स्थिति बनी रहती थी।

स्थानीय निवासी अशोक कुमार गौतम ने बताया कि नेहरू चौक से तहसील तक जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण की वजह से लोगों को भारी परेशानी होती थी। यहां से रोजाना अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि भी गुजरते हैं। ऐसे में अतिक्रमण हटाना बेहद जरूरी हो गया था। बता दें कि गुन्नौर नगर में कई स्थानों पर दशकों से नाले बंद पड़े हैं। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने इन पर कब्जा कर निर्माण कर लिया था। नगर पंचायत अब इन नालों का पुनर्निर्माण करा रही है। इससे पहले नालों की जगह पर अतिक्रमण होने से जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती थी।

50 से अधिक मकान व दुकानों को नोटिस जारी

गुन्नौर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अमरेश तिवारी ने बताया कि नेहरू चौक से सराय मुहल्ला होते हुए तहसील रोड तक फैले अतिक्रमण की पहचान की गई है। इस मार्ग पर 50 से अधिक मकान और दुकानों के सामने अवैध निर्माण पाया गया। सभी को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देशित किया गया है। यदि लोग स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते तो प्रशासन बुलडोजर चलाकर इसे ध्वस्त करेगा। वहीं गुन्नौर नगर से होकर आगरा-मुरादाबाद और मेरठ-बदायूं हाईवे गुजरता है। इस मार्ग पर रोजाना हजारों वाहन निकलते हैं। अतिक्रमण की वजह से यहां यातायात अक्सर प्रभावित होता है। ऐसे में प्रशासन का मानना है कि अतिक्रमण हटने से हाईवे पर दबाव कम होगा और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें- Sambhal News: सामूहिक दुष्कर्म का फर्जी आरोप लगाने वाली महिला गिरफ्तार, पुलिस जांच में आरोप निकले झूठे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।