विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कीटनाशक के असर से बौखलाए गीदड़: 12 से ज्यादा ग्रामीणों पर किया हमला, डंडे लेकर खेतों में जाने को मजबूर किसान

Published: Tue, 15 Sep 2026 06:41 PM (IST)

संभल के मुबारकपुर बंद गांव में फसल पर कीटनाशक छिड़कने से बौखलाए गीदड़ों ने दो दिन में 12 से अधिक ...और पढ़ें

एआई इमेज है।

एआई इमेज है।

HighLights

  1. तीसरे दिन भी खेतों में जाने से कतरा रहे किसान, वन विभाग ने पिंजरे लगाने की कही बात

संवाद सूत्र, ओबरी (संभल)। असमोली क्षेत्र के गांव मुबारकपुर बंद में फसल पर कीटनाशक का छिड़काव किसानों के लिए मुसीबत बन गया है। खेतों में दवा के छिड़काव के बाद वहां छिपे गीदड़ों के हमलावर होने की घटनाएं सामने आई हैं। वन दरोगा विशप चौधरी ने बताया कि फसल में कीटनाशक का छिड़काव होने से गीदड़ों पर असर पड़ा है।

रविवार और सोमवार को गीदड़ों ने 12 से अधिक ग्रामीणों पर हमला कर घायल कर दिया। मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी गांव में गीदड़ों का खौफ बना रहा। किसान अकेले खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं और समूह बनाकर डंडे लेकर खेतों में पहुंच रहे हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक रविवार सुबह खेतों में काम कर रहे लोगों पर अचानक गीदड़ों ने हमला कर दिया। कई लोगों को काटकर घायल करने के बाद ग्रामीणों के शोर मचाने पर गीदड़ भाग गए।

इसके बाद सोमवार सुबह और शाम को भी खेतों में पहुंचे ग्रामीणों को निशाना बनाया गया। हमलों में मनीष कुमार, कमल सिंह, शायवान, आरिस, उजैफ, सीमा, सावित्री, सोना, महेश और श्याम समेत 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

घायलों ने निजी चिकित्सकों और असमोली सीएचसी में उपचार कराया है। फसल तैयार होने के समय किसानों के लिए खेतों में जाना जरूरी है। कोई फसल की निगरानी कर रहा है तो कोई पशुओं के लिए चारा लेने पहुंच रहा है।

मगर गीदड़ों के हमलों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को ग्रामीण डंडे लेकर समूह में खेतों की ओर गए और काम के दौरान आसपास नजर रखते रहे।

गीदड़ों के डर से ग्रामीण खेतों पर नहीं जा पा रहे हैं। प्रशासन को मामले का संज्ञान लेकर ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। - महेश्वरी

मेरी पत्नी खेत पर गई थी, जहां गीदड़ों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। गांव में गीदड़ों ने आतंक मचा रखा है। - महेश

खेत में चारा लेने गई थी। मैं बैठी हुई थी, तभी पीछे से अचानक गीदड़ ने हमला कर दिया और मुझे घायल कर दिया। - सीमा, घायल

मैं खेत में काम कर रहा था। तभी गीदड़ ने अचानक हमला कर दिया। घायल होने पर असमोली सीएचसी से दवा ली है। - श्याम

यह भी पढ़ें- संभल में सियासी संग्राम: सपा विधायक और मुशीर चौधरी में जुबानी जंग, 2027 के चुनाव से पहले तेज हुआ विवाद


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।