Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बुर्का पहन कांवड़ लाने पर अड़ीं तमन्ना मलिक: प्रशासन ने थमाया नोटिस, फिर भी हरिद्वार रवाना होने की तैयारी

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 12:03 AM (GMT+05:30)

    बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा करने पर तमन्ना मलिक और उनके पति को एसडीएम कोर्ट ने नोटिस जारी कर 20-20 हजार के मुचलके पर पाबंद किया है। प्रशासन की चेतावनी ...और पढ़ें

    तमन्‍ना मलिक

    तमन्‍ना मलिक

    HighLights

    1. तमन्ना और उनके पति को 20-20 हजार के मुचलके में किया पाबंद, एसडीएम कोर्ट ने भेजा था नोटिस

    - तमन्ना और उनके पति को 20-20 हजार के मुचलके में किया पाबंद, एसडीएम कोर्ट ने भेजा था नोटिस
    - प्रशासन की चेतावनी के बाद भी हरिद्वार से कावंड़ लाएंगे दंपती
    संवाद सहयोगी, जागरण, संभल : असमोली निवासी मुस्लिम महिला तमन्ना मलिक के बुर्का पहनकर कांवड़ लाने के मामले में एसडीएम कोर्ट ने दंपती को नोटिस जारी किया है। दोनों को छह माह के लिए 20-20 हजार रुपये के निजी मुचलके से पाबंद किया गया है। साथ ही कोर्ट ने दोनों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर बुर्का पहनकर कांवड़ लाने की वजह स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि तमन्ना के पति ने बुधवार को हरिद्वार जाने की बात कही है।
    तमन्ना मलिक बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा करने के कारण चर्चा में आ चुकी हैं। 10 फरवरी 2026 को वह हरिद्वार पहुंची थीं। वहां हरकी पेड़ी से गंगाजल लेकर उन्होंने पैदल कांवड़ यात्रा शुरू की थी। करीब पांच दिन की पैदल यात्रा पूरी करने के बाद महाशिवरात्रि पर संभल पहुंचकर उन्होंने नैमिषारण्य प्राचीन तीर्थ मंदिर के शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित किया था। वह काफी चर्चा में रही थीं। अब सावन में तमन्ना ने दोबारा हरिद्वार से गंगाजल लाकर कांवड़ चढ़ाने की इच्छा जताई है। तमन्ना का कहना है कि हिंदू मान्यता के अनुसार कांवड़ का जोड़ा पूरा करना होता है। इसी आस्था के चलते वह इस बार भी हरिद्वार से गंगाजल लेकर आएंगी। वह मंगलवार को हरिद्वार जाने की तैयारी में थीं। इसी बीच प्रशासन को उनके बुर्का पहनकर कांवड़ लाने की जानकारी हुई। एसडीएम कोर्ट की ओर से जारी नोटिस में बुर्का पहनकर कांवड़ लाने से शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। इसी आधार पर तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को छह माह के लिए निजी मुचलके पर पाबंद किया गया है। दोनों को कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने और यह स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं कि वह बुर्का पहनकर कांवड़ क्यों लाना चाहती हैं। मंगलवार को एसडीएम कोर्ट पहुंचे तमन्ना मलिक के पति अमन त्यागी ने बताया कि उन्होंने अपनी जमानत कराई है।
    ---------------
    सबको अपनी पसंद के कपड़े पहनने की आजादी : अमन
    संभल : मंगलवार को एसडीएम कोर्ट पहुंचे अमन त्यागी ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर उन्हें नोटिस क्यों दिया गया है। कहा कि उन्होंने किसी की धार्मिक भावना को ठेस नहीं पहुंचाई है। उनका कहना है कि सभी को अपनी पसंद के कपड़े पहनने और अपनी आस्था के अनुसार धार्मिक कार्य करने की स्वतंत्रता है। बताया कि हाल ही में बिहार के सांसद पप्पू यादव ने भी संसद के बाहर भगवा वस्त्र पहनकर सनातन का अपमान किया था, ऐसे लोगों पर तो कोई कार्रवाई नहीं हाेती। कहा कि सबको आजादी है वह कुछ भी पहने। कहा कि बुधवार को वह और तमन्ना हरिद्वार जाकर कांवड़ लाएंगे।