संभल में कड़े पहरे के बीच मनेगी ईद, आदमपुर मार्ग पर भारी वाहनों की होगी नो-एंट्री
संभल में ईद उल फितर के लिए पुलिस प्रशासन और नगर पालिका ने व्यापक तैयारियां की हैं। ईदगाहों पर साफ-सफाई, पेयजल और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ...और पढ़ें

संभल में पुलिस फोर्स के साथ पैदल मार्च करते डीएम, एसपी व अन्य अधिकारी। जागरण
HighLights
पुलिस-प्रशासन और नगर पालिका ने ईद की तैयारियां पूरी कीं।
ईदगाहों पर कड़ी सुरक्षा, 224 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी।
आदमपुर मार्ग पर भारी वाहनों की नो-एंट्री, ट्रैफिक डायवर्जन।
संवाद सहयोगी, संभल। ईद उल फितर के मद्देनजर पुलिस प्रशासन और नगर पालिका ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। ईदगाहों में साफ-सफाई, पेयजल और नमाजियों की सुविधा के विशेष इंतजाम किए गए हैं, जबकि सुरक्षा के लिए पुलिस ने कड़े प्रबंध किए हैं। जामा मस्जिद सहित अन्य ईदगाहों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। शहर में 224 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी जारी रहेगी। ईद को सकुशल संपन्न कराने के लिए इंटरनेट मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
शनिवार को ईद उल फितर का पर्व मनाया जाएगा। ईद को लेकर शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों जामा मस्जिद, आदमपुर मार्ग स्थित ईदगाह और सरायतरीन ईदगाह पर व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। नगर पालिका परिषद की टीमों ने ईदगाह परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाया है।
नमाजियों को सुव्यवस्थित तरीके से नमाज अदा कराने के लिए चूने से पंक्तिबद्ध निशान भी बनाए जाएंगे। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि ईद को लेकर शहरभर में सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। विशेष रूप से ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास सफाई, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं को सुनिश्चित किया गया है, जिससे किसी को असुविधा न हो।
शनिवार को ईद की नमाज के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस, पीएसी और आरआरएफ के जवानों की तैनाती रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की गश्त जारी रहेगी। ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी।
खबरें और भी
इसके अलावा जामा मस्जिद और ईदगाहों के आसपास सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव करेगी। आदमपुर मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा, क्योंकि इसी मार्ग पर शहर की प्रमुख ईदगाह स्थित है। ईदगाह जाने वाले रास्तों पर रूट डायवर्जन योजना लागू की जाएगी, जिससे जाम की स्थिति न बने।
सभी थाना प्रभारियों के साथ ही चौकी इंचार्ज और बीट प्रभारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। इंटरनेट मीडिया पर कड़ी निगरानी जारी रहेगी। ईद की नमाज के दौरान हर गतिविधि पर सतर्क नजर रखी जाएगी। शहर भर में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी जारी रहेगी।- कुलदीप सिंह, एएसपी, संभल।