विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल हिंसा के मास्टरमाइंड साठा पर एक्शन: पुलिस ने घर से ढोल बजाकर निकाला सामान, ईंट-ईंट का हुआ हिसाब

Published: Wed, 21 Jan 2026 09:38 PM (IST)

संभल हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा की संपत्ति पुलिस ने कुर्क कर दी है। जिला न्यायालय के आदेश पर दीपा ...और पढ़ें

शार‍िक साठा के घर से सामान नि‍कालती पुल‍िस

शार‍िक साठा के घर से सामान नि‍कालती पुल‍िस

HighLights

  1. जिला न्यायालय के आदेश पर दीपा सराय में 210 गज के पुश्तैनी मकान का एक चौथाई हिस्से में रहता था अपराधी, सामान जब्त

  2. पूछताछ के बाद 11 महीने से लापता साठा की पत्नी गुलेरोशन, वर्तमान मूल्यों से आकी जाएगी सामान की कीमत

संवाद सहयोगी, जागरण, संभल। जामा मस्जिद सर्वे के विरोध में 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा की संपत्ति को बुधवार को पुलिस ने कुर्क कर दिया है। ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई और फिर जिला न्यायालय के आदेश की उद्घोषणा करते हुए अपराधी के मकान को सील कर दिया और तलाशी में मिली बच्चों की किताबें, एक बड़ा और दो छोटे संदूक, 25 से 30 जोड़े कपड़े, एक चारपाई, ड्रेसिंग टेबल, एक भगोना, स्टील के दो गोल्टे और चार प्लास्टिक की कुर्सियां मिलीं हैं।

इन सामानों को जब्त कर नखासा थाने में जमा करवा दिया है। अब तहसीलदार की निगरानी में जब्त किए गए सामान की वर्तमान मूल्यों के हिसाब से कीमत आकी जाएगी। जिला न्यायालय से मंगलवार को आदेश जारी होने के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे दीपा सराय के पजाया स्थित शारिक साठा के पुश्तैनी मकान पर कार्रवाई की।

sharik satha

एसपी केके बिश्नोई, एएसपी कुलदीप कुमार, तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह और असमोली सीओ कुलदीप सिंह के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स, पीएसी और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहां पर 210 गज वाले मकान में शारिक साठा के एक चौथाई वाले हिस्से में कमरा बना हुआ था। जिसकी कीमत 20 से 25 लाख रुपये है।

कुर्की के समय मकान में शारिक साठा के छोटे भाई फाईक की पत्नी जिकरा और दूसरे भाई मौलाना सादिक की पत्नी फिरदौस मौजूद मिलीं। उनके सामने ही कार्रवाई पूरी की। कुर्क किए गए हिस्से में करीब आठ फीट चौड़ा और लगभग आठ फीट लंबा एक कमरा शामिल है। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात रही।

साथ ही ड्रोन के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में निगरानी जारी रही। बता दें कि शारिक साठा के खिलाफ दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में लगभग 69 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा हथियार सप्लाई करने और पाकिस्तान निर्मित कारतूसों के जरिए साजिश रचने का गंभीर आरोप भी है। पुलिस ने उसके तीन गुर्गों को पहले ही जेल भेज दिया है। वाहन चाेरी से अपराध की दुनिया में कदम रखने वाला साठा फर्जी नाम-पते पर पासपोर्ट बनवाकर सितंबर 2020 में दुबई भाग गया था।

वहां से ही उसने अपने गुर्गे मुल्ला अफरोज और गुलाम के जरिये हिंसा कराई और चार लोगों की हत्या भी करवा दी। शारिक साठा दुबई में बैठकर सोने की तस्करी भी कर रहा है। वह आइएसआइ के लिए भी काम करता है। लुकआउट सर्कुलर पहले ही जारी हो चुका है और अब उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

शारिक साठा की पत्नी गुलेरोशन से पुलिस ने फरवरी 2025 को पूछताछ की थी, उसके बाद से वह लापता है। वह भी इस मकान में रहती थी। बताते हैं कि चार वर्ष पहले शारिक साठा के तीसरे नंबर के भाई मौलाना सादिक ने आर्थिक तंगी की वजह से मुरादाबाद में ट्रेन से कटकर खुदकुशी की थी। पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने बताया कि शारिक उर्फ साठा के खिलाफ परमानेंट वारंट जारी हो चुका है।

इसके आधार पर रेड कार्नर नोटिस भी जारी कराया जाएगा। जल्द ही उसे विदेश से गिरफ्तार कर भारत लाया जाएगा और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। बाकी इसके ऊपर जो मुकदमे हैं, उनमें इसकी मौजूदगी न होने के बावजूद इन मुकदमों में ट्रायल जारी रहेगा। साथ ट्रायल इन अबसेंसिया में इसको सजा भी सुनाई जा सकती है।


यह भी पढ़ें- संभल हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा पर शि‍कंजा, इस एक छोटे से एक कमरे से अपराध की दुनिया की रखी थी नींव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।