डीएम साहब! एसीओ ने कुआनो नदी के उस पार काट दिया चक, ग्रामीणों ने लगाया चकबंदी में धांधली का आरोप
संतकबीरनगर के खेवसिहा गांव के ग्रामीणों ने सहायक चकबंदी अधिकारी (एसीओ) पर चक काटने में अनियमितता का आरोप लगाते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा।

HighLights
खेवसिहा गांव के ग्रामीणों ने एसीओ पर अनियमितता का आरोप लगाया।
कुआनो नदी के उस पार बालू वाली भूमि पर चक काटे गए।
ग्रामीणों ने नए सिरे से निष्पक्ष चकबंदी की मांग की है।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। धनघटा तहसील क्षेत्र के खेवसिहा गांव के लोगों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इन्होंने मांगों का ज्ञापन डीएम को सौंपा। सहायक चकबंदी अधिकारी (एसीओ) पर चक काटने में अनियमितता करने का आरोप लगाया है। कहा कि जहां चक कटा है, वह बालू वाली भूमि है।
इसकी शिकायत चकबंदी अधिकारी (सीओ) से की गई। उन्होंने आश्वासन देने के बाद भी बचे हुए खेत का चक नदी के उस पार कटवा दिया। इन्होंने एसीओ द्वारा काटे गए चक को निरस्त करने और नए सिरे से पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ चक काटने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि एसीओ ने उनके गांव में चकबंदी प्रक्रिया के तहत चक बनवाने में काफी अनियमितता की है। हम लोगों का खेत गांव के उत्तर तरफ कुआनो नदी के उस पार कर दिए हैं। यह बालू वाली भूमि है। उन लोगों ने इस पर आपत्ति जताई थी लेकिन उन्होंने हम लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया।
वहीं, कुछ चुनिंदा लोगों का जिनका खेत कुआनो नदी के उस पार था, उनका चक गांव के आसपास काट दिया। बाद में फार्म-23 मिलने पर सीओ के पास पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुकदमा करो, हम सही कर देंगे। उन्होंने सही करने के बजाय गांव के अगल-बगल के बचे हुए खेत को भी कुआनो नदी के उस पार कर दिया। इसको लेकर वे लोग काफी परेशान हैं।
इन्होंने एसीओ द्वारा काटे गए चक को निरस्त कर नए सिरे से पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ चक काटने की कार्यवाही प्रारंभ करने की मांग की है। इस अवसर पर रामआसरे, मोतीलाल, फूलन देवी, नेहा देवी, रामअदालत, रामनयन, धर्मेंद्र कुमार, सत्येंद्र कुमार, गौरीशंकर सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।
