संतकबीरनगर के एकमा गांव में आंधी के दौरान पानी की टंकी के साथ उड़ गया मजदूर, मौत
संतकबीर नगर के एकमा गांव में जल जीवन मिशन की टंकी निर्माण के दौरान तेज आंधी में 19 वर्षीय मजदूर कृष्णा की मौत हो गई। मजदूर टंकी के साथ उड़कर नीचे गिरा ...और पढ़ें

तेज आंधी-तूफान के दौरान जल जीवन मिशन की टंकी ध्वस्त। जागरण
HighLights
एकमा गांव में आंधी से पानी की टंकी गिरी।
19 वर्षीय मजदूर कृष्णा की मौके पर मौत।
कार्यदायी संस्था पर लापरवाही के आरोप लगे।
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। एकमा गांव में बुधवार की शाम तेज आंधी-तूफान के दौरान जल जीवन मिशन की टंकी निर्माण कार्य में बड़ा हादसा हो गया। पाइप कनेक्शन के दौरान 19 वर्षीय मजदूर तेज हवा के झोंके में टंकी के साथ उड़कर नीचे जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे में टंकी भी कई टुकड़ों में टूटकर पास के तालाब में जा गिरी।
मृतक की पहचान कृष्णा (19) पुत्र कमलेश निवासी मंझरिया शुक्ला, थाना पुरानी बस्ती जनपद बस्ती के रूप में हुई है। बताया गया कि घटना के समय वह टंकी पर चढ़कर पाइप का कनेक्शन कर रहा था। उसके साथ दो अन्य तकनीशियन भी कार्यरत थे, जो आंधी आते ही नीचे उतर गए।
तेज हवा के झोंके ने टंकी को उड़ा दिया और कृष्णा भी उसके साथ नीचे जा गिरा। घटना के दौरान काफी देर तक अफरा तफरी मची रही। बहरहाल गंभीर रूप से घायल कृष्णा को काफी देर बाद आंधी और पानी कम होने पर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद कार्यदायी संस्था पर लापरवाही के आरोप भी लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी को हाइड्रा की मदद से बाहर निकलवाकर मामले को दबाने की कोशिश की गई, हालांकि लोगों ने फोटो व वीडियो बना लिए।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में थार का तांडव: बारातियों पर चढ़ी बेकाबू गाड़ी, छह घायल
बिना सुरक्षा उपाय के चल रहा था काम
ग्रामीणों के अनुसार, टंकी निर्माण में लगे मजदूर बिना किसी सुरक्षात्मक उपकरण के 12 से 16 मीटर ऊंचाई पर काम कर रहे थे। अधिक मुनाफे के लालच में कार्यदायी संस्था ने अकुशल श्रमिकों को काम पर लगा दिया। गांवों में सीमेंटेड टंकी के स्थान पर एल्यूमीनियम शीट की टंकी लगाई जा रही है, जिसकी गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। कई जगहों पर लगी टंकियों में आपूर्ति शुरू होने के पहले ही लीकेज की शिकायतें सामने आ रही हैं।
एकमा में दो लेयर टंकी का निर्माण हो चुका था। आंधी के दौरान दो मजदूर नीचे उतर गए थे, जबकि तीसरा उतरते समय गिर गया। टंकी के डिजाइन में बदलाव की स्वीकृति शासन स्तर से दी गई थी। रही बात सुरक्षा उपाय की तो कार्यदायी संस्था के अनुसार मजदूर सुरक्षा उपकरणों के साथ काम पर लगाए गए थे।
-महेंद्र राम, अधिशासी अभियंता जलनिगम