खून से लथपथ 300 मीटर तक भागा नैतिक: शाहजहांपुर में दोस्त ने ही सीने में दागी गोली, हालत नाजुक
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा में 11वीं के छात्र ने अपने दोस्त नैतिक जायसवाल को पिता की पिस्टल से गोली मार दी। नैतिक गंभीर रूप से घायल होकर 300 मीटर दौड ...और पढ़ें

मीरानपुर कटरा में गोली लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस और घायल नैतिक जायसवाल को ले जाते लोग
HighLights
घर से बुलाकर ले गया था आरोपित, कालेज के पास हुई दोनों में कहासुनी
आरोपित के पिता को लिया गया हिरासत में, नाजुक हालत में घायल बरेली रेफर
संवाद सूत्र, मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले नाबालिग छात्र ने अपने दोस्त नैतिक जायसवाल को पिता के पिस्टल से सीने पर गोली मार दी। घायलावस्था में वह 300 मीटर से ज्यादा दौड़कर बाजार पहुंचे और गिर पड़े। उन्हें बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। उसके बाद यह घटना हुई। कुछ लोग रील बनाते समय गोली चलने की बात कह रहे हैं, लेकिन घायल के परिवार से अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
सुरेंद्र जायसवाल के पुत्र नैतिक जायसवाल (17 वर्ष) की नादिरशाह मुहल्ला निवासी 11वीं कक्षा के छात्र से पुरानी दोस्ती है। दोनों का एक दूसरे के घर पर आना जाना है। शाम में एक साथ टहलने भी जाते थे। आरोपित शनिवार शाम नैतिक को उनके घर से बुलाकर ले गया। काकोरी शहीद इंटर कालेज के पास गली में दोनों आपस में खड़े होकर बात करने लगे। इसके बाद किसी बात पर बहस होने लगी।
इस बीच आरोपित ने नैतिक के सीने पर गोली मार दी, वह घायलावस्था में बाजार की ओर दौड़े, लेकिन हरि अग्रवाल की दुकान के सामने से गिर पड़े। नैतिक को खून से लथपथ देख लोग अस्पताल ले गए, लेकिन वहां से बरेली रेफर कर दिया गया। स्वजन पुलिस को जानकारी दिए बिना बरेली के नवोदय अस्पताल लेकर गए। वहां सर्जन न होने पर राममूर्ति मेडिकल कालेज भेजा गया है।
वहीं, आरोपित व उसके परिवार के सदस्य घटना के बाद घर में ताला डालकर भाग गए। पुलिस ने उसके पिता को हिरासत में लिया है। उनसे जब लाइसेंसी पिस्टल के बारे में पूछा तो कहा कि उन्हें नहीं पता कि पिस्टल कहां है। आरोपित पक्ष मुस्लिम होने के कारण तनाव न हो इसलिए सीओ ज्योति यादव तिलहर से फोर्स के साथ पहुंचीं। गोली जिस कालेज के पास चली वहां पर इंटर की परीक्षा चल रही थी।
खबरें और भी
दो होमगार्ड गेट पर ड्यूटी पर तैनात थे, लेकिन गोली चलने की आवाज किसी ने नहीं सुनी है। नैतिक की माता राधा जायसवाल ने बताया कि बेटे ने हाईस्कूल तक पढ़ाई की। इसके बाद कुछ दिन गुरुग्राम के होटल में नौकरी करने चला गया था। इन दिनों वह होली पर घर आया था। बेटे व आरोपित के बीच पुरानी दोस्ती है।
उनके पति सुरेंद्र जायसवाल फतेहगंज पूर्वी में देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं। उन लोगों को घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है। बेटे ने दोस्त का नाम लिया था। वही बता सकेगा कि पूरा मामला क्या था। उन्होंने बताया कि आरोपित व घायल के घर पर पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया है। घायल के बयान या आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही कारण स्पष्ट होगा।