शाहजहांपुर में कांवड़ यात्रा की तैयारियां: छह जोन और 17 सेक्टर में बंटा क्षेत्र, मांस बिक्री पर पाबंदी
शाहजहांपुर में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। यात्रा क्षेत्र को छह जोन और 17 सेक्टर में बांटकर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए ह ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कांवड़ यात्रा क्षेत्र छह जोन, 17 सेक्टर में विभाजित।
यात्रा मार्ग पर मांस की दुकानें बंद रहेंगी।
सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और स्वच्छता के विशेष इंतजाम।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने भी तैयारी तेज कर दी है। यात्रा क्षेत्र को छह जोन व 17 सेक्टर में बांटा गया है। जिनमें जोनल मजिस्ट्रेट के साथ ही सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। यात्रा रूट पर संचालित सभी मांस बिक्री की दुकानें बंद रहेंगी।
कलक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में हुई बैठक में डीएम ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग व बिजली विभग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग को पूरी तरह सुगम व सुरक्षित बनाया जाए। गड्ढों का तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए, ढीले विद्युत तारों को ठीक किया जाए, खुले ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समयावधि में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करें।
विशेष रूप से अल्लागंज, जलालाबाद, कांट, बरेली मोड़, हथौड़ा व जरियनपुर में कांवड़ सेवा शिविर स्थापित किए जाएं। इन शिविरों में स्वास्थ्य शिविर, श्रद्धालुओं के बैठने व विश्राम की समुचित व्यवस्था तथा आवश्यक कार्मिकों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए।
यात्रा मार्ग पर व्यापक साफ-सफाई, नियमित सफाई व्यवस्था एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सात से आठ किमी. की दूरी पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ढाईघाट सहित प्रमुख स्थानों पर रैन बसेरा, शौचालय, स्नानघर (बाथरूम) व चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
आयुर्वेदिक व एलोपैथिक दोनों पद्धतियों के चिकित्सा शिविर स्थापित किए जाएं। प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस की तैनाती की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर संचालित सभी खाद्य प्रतिष्ठानों व दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जाए। प्रत्येक दुकान पर नाम व रेट सूची प्रदर्शित हो। सभी दुकानदार पहचान पत्र जरूर पहनें।
पीडब्ल्यूडी को यात्रा मार्ग के किनारे स्थित पेड़ों की आवश्यक कटाई छंटाई करने, प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उनकी नियमित मानिटरिंग सुनिश्चित की जाए। बैठक में एसपी सौरभ दीक्षित, एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एएसपी नगर देवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।