शाहजहांपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर से नाराज युवक सिलिंडर लेकर ओवरहेड टैंक पर चढ़ा, 4 घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा
शाहजहांपुर में एक युवक सिलेंडर लेकर ओवरहेड टैंक पर चढ़ गया, बिहार में भरत तिवारी एनकाउंटर और राशन कार्ड-आवास न मिलने का विरोध किया। ...और पढ़ें

कोतवाली क्षेत्र में ओवरहेड टैंक पर चढ़ा युवक
HighLights
युवक सिलेंडर लेकर ओवरहेड टैंक पर चढ़ा।
भरत तिवारी एनकाउंटर और राशन कार्ड का विरोध।
छह वर्षीय बेटे की गुहार पर नीचे उतरा।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। शहर की काशीराम कॉलोनी निवासी वाहन चालक शिवम मिश्रा शनिवार रात रसोई सिलिंडर लेकर परिसर में ही बने ओवरहेड टैंक पर चढ़ गया। बिहार में भरत तिवारी के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने का विरोध करते हुए अपने आवास व राशन कार्ड न बनने पर भी विरोध जताया।
करीब चार घंटे तक लोगों के समझाने पर भी नीचे नहीं उतरा तो उसके छह वर्षीय बेटे युवराज ने माइक पर गुहार लगाई, कहा कि पापा नीचे आ जाओ नहीं मैं भी ऊपर आ जाऊंगा। जिसके बाद वह नीचे आया। शनिवार रात वह घर में रखा सिलिंडर लेकर कालोनी में ही स्थित ओवरहेड टैंक पर चढ़ गया।
आस-पास के लोग काफी देर तक उसे नीचे उतारने का प्रयास करते रहे लेकिन वह नहीं माना। पुलिस जब मौके पर पहुंचीं तो ऊपर से आवाज लगाई कि जैैसे बिहार के भोजपुर निवासी भरत तिवारी को जैसी गोली मार दी गई है वैसे ही उसे भी गोली मार दो। इसके बाद राशन कार्ड और आवास न बनने को लेकर विरोध जताना शुरू कर दिया। उसने कई बार रेगुलेटर खोलकर उसमे माचिस से आग भी लगाई।
एक कर्मचारी ने 500 रुपये भी ले लिए और कार्ड भी नहीं बना
लपटे निकलने के बाद रेगुलेटर बंद कर देता था। पुलिसकर्मियाें के समझाने के बाद भी जब वह नीचे नहीं उतरा तो आवास विकास कालोनी में रह रहे कांग्रेस युवा जिलाध्यक्ष रामजी अवस्थी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कॉल लाकर शिवम से बात की तो बताया कि राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया था। एक कर्मचारी ने 500 रुपये भी ले लिए और कार्ड भी नहीं बना।
खबरें और भी
इसके अलावा आवास न बनने, एक प्रकरण में पुलिस पर उसके साथ पुलिसकर्मियों पर गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया। रामजी अवस्थी ने उसके बेटे युवराज को माइक देकर कहा पापा को नीचे बुलाओ। युवराज जब जोर-जोर से आवाज लगाने लगा कि पापा नीचे उतर आओ नहीं तो वह भी ऊपर चढ़ आएगा।
काफी देर बाद शिवम ने कहा पुलिसकर्मियों को यहां से वापस भेजो तब नीचे उतरेगा। पुलिसकर्मियों के जाने के बाद वह नीचे उतर आया। हालांकि पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए वह घर जाने के बजाय अपने परिचित घर रुखा है। इससे पहले सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने भी मौके पर पहुंचकर उसे समझाने का प्रयास किया था। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राय ने बताया कि युवक शराब पीने का आदी है। शराब के नशे में ही वह हंगामा कर रहा था।
मां के नाम पर है आवास
शिवम की मां मैना देवी के नाम पर काशीराम कालोनी में आवास आवंटित हुआ था। परिवार बढ़ा होने की वजह से वह रहने के लिए पर्याप्त नहीं है। जिस वजह से वह प्रधानमंत्री आवास बनवाने की मांग कर रहा है।