विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

₹4.5 करोड़ देकर गाड़ियां भूल गया नगर निगम! बिना चले ही भर दिए ₹8.85 लाख के चार्जिंग बिल

Published: Mon, 26 Oct 2026 01:27 PM (GMT+05:30)

शाहजहांपुर नगर निगम ने कूड़ा उठाने के लिए 4.5 करोड़ रुपये के ईवी वाहन खरीदे, लेकिन उन्हें एजेंसी से लेना ...और पढ़ें

चार्जिंग एजेंसी पर खड़े वाहन ले जाती नगर निगम की टीम। सौ. निगम

 चार्जिंग एजेंसी पर खड़े वाहन ले जाती नगर निगम की टीम। सौ. निगम

HighLights

  1. नगर आयुक्त ने मांगे जवाब तो फंसे अधिकारियों ने एजेंसी के पाले में फेंकी गेंद

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। कूड़ा उठान के लिए ईवी वाहनों की खरीद के नाम पर करीब साढ़े चार करोड़ खर्च तो कर दिए गए, लेकिन नगर निगम के अधिकारी इन्हें एजेंसी से उठाना ही भूल गए। इतना ही नहीं, इन वाहनों के चलाने का रिकार्ड देखे बगैर ही इनकी चार्जिंग के एवज में 8.85 लाख रुपये का पेमेंट भी कर दिया गया।

ऐसी गंभीर गड़बड़ी सामने आई तो अधिकारियों के होश उड़ गए और नगर आयुक्त ने इसकी जांच भी शुरू कर दी हैं। इधर, अपर नगर आयुक्त ने इन वाहनों को कब्जे में लेने के लिए पुलिस की मदद ली और उन्हें नगर निगम के गोदाम में भिजवा दिया गया है।

नगर निगम में गंभीर लापरवाही के एक के बाद एक चौंकाने वाले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक और प्रकरण अधिकारियों के लचर रवैये को उजागर कर करा है।

रिपोर्ट बताती है कि नगर निगम प्रशासन ने पिछले साल मई और अगस्त और इस वर्ष जून में कूड़ा उठान के लिए तकरीबन 4.47 करोड़ से 10-10 ईवी वाहनों की खरीद की है।

बकायदा इनका पेमेंट भी कर दिया गया लेकिन निगम प्रशासन इन्हें एजेंसी से लाना ही भूल गया। ऐसे में ये वाहन महीनों वहां खड़े रहे। इतना ही नहीं, यह जाने बगैर कि इन वाहनों को कब और कहां चलाया गया, अधिकारियों ने चार्जिंग के नाम 8.85 लाख का भुगतान आंखें मूंदकर कर दिया।

नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी के सामने जब गड़बड़ी का मामला सामने आया तो उनका माथा ही ठनक गया। इस लापरवाही में शामिल स्टाफ को निशाने पर लेने के लिए उन्होंने संबंधितों से जवाब-तलब कर लिया है।

अब इसमें फंसे अधिकारी-कर्मचारियों की घिग्गी बंधी नजर आ रही है। बचाव में गेंद एजेंसी के पाले में फेंकी जा रही है। उनका कहना है कि इतने दिनों से वाहन खड़े रहने पर एजेंसी ने इसकी लिखित जानकारी नगर निगम को क्यों नहीं दी।

सवाल ये भी जब खरीद रिकार्ड में दर्ज थी तो अधिकारियों ने इसका इतने दिनों बाद भी संज्ञान क्यों नहीं लिया। अब इसमें कार्रवाई के लिए नगर आयुक्त स्तर से रिपोर्ट तैयार किया जा रही है।

उधर, पूरा पेमेंट होने के बावजूद एजेंसी पर खड़े ईवी वाहनों को लेते हुए नगर आयुक्त ने तिलहर पुलिस की मदद से इन्हें नगर निगम के गोदाम में भिजवा दिया है।

नगर आयुक्त का कहना है कि इन सभी वाहनों को फिलहाल ककरा चार्जिंग स्टेशन पर भेजा जाएगा। वहां मरम्मत के बाद इन्हें जल्द ही कूड़ा उठान के लिए इस्तेमाल होगा।

यह भी पढ़ें- क्राइम सीन, स्ट्रेचर पर जवान और रस्सी पर फुर्ती... शाहजहांपुर में जब SP ने अचानक ली पुलिस की परीक्षा!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।