विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाहजहांपुर में सर्राफ को धमकाकर दो लाख रुपये वसूलने में चार सिपाही सस्पेंड, दो गिरफ्तार

Published: Sun, 06 Sep 2026 07:40 PM (IST)

शाहजहांपुर में तिलहर थाने के चार सिपाहियों ने एक सर्राफ को स्मैक तस्करी के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी ...और पढ़ें

सर्राफ को धमकाकर दो लाख रुपये वसूलने में चार सिपाही निलंबित।

सर्राफ को धमकाकर दो लाख रुपये वसूलने में चार सिपाही निलंबित।

HighLights

  1. तिलहर के चार सिपाहियों ने सर्राफ से दो लाख वसूले।

  2. स्मैक तस्करी के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

  3. एसपी ने चारों को निलंबित कर दो को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। वर्दी पहनते समय अपराध पर अंकुश लगाने की शपथ लेने वाले तिलहर थाने के चार सिपाही खुद ही अपराध कर बैठे। सर्राफ सुंदरम क्षत्रिय को स्मैक तस्करी के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देेकर दो लाख रुपये वसूले। सुंदरम उस समय तो विरोध तो न कर सके, लेकिन साहस जुटाकर एसपी सौरभ दीक्षित से शिकायत की। कुछ काल रिकार्डिंग भी सौंपी।

जलालाबाद व तिलहर सीओ की संयुक्त जांच में आरोप सही मिले। जिस पर एसपी ने सिपाही अरुण चित्तौडिया, पंकज, तुषार व वीरेंद्र कुमार पर भ्रष्टाचार, धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करा दी। चारों को निलंबित करने के साथ ही पंकज व वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो की तलाश की जा रही है।

जलालाबाद के कानूनगोयान मुहल्ला निवासी सर्राफ सुंदरम क्षत्रिय की बुधवाना में दुकान है। चार सितंबर को एक व्यक्ति ने काल की। बताया कि दस हजार रुपये की जरूरत है। कुछ जेवर गिरवी रखने हैं।

उन्होंने बताया कि दुकान बंद कर चुके हैं तो जलालाबाद आ गया। उससे मिलने सरैया मोड़ पहुंचे तभी दो बाइकों पर चार सिपाही बिना वर्दी वहां आ गए। पूर्व में जलालाबाद मे तैनात रहने के कारण वह उनको पहचानते थे।

सुंदरम ने बताया कि सिपाहियों ने उन्हें पकड़ लिया और बाइक पर बैठाकर सुनसान जगह पर ले गए। जेब से पालीथीन निकालकर उनकी बाइक में रख दिया। इसके बाद स्मैम की तस्करी का आरोप लगाकर उन्हें अपने साथ तिलहर की बिरियागंज चौकी पर ले गए। वहां उन्हें प्रताड़ित किया। तस्कर साबित करने के लिए वीडियो बनाने लगे। कहा कि अगर बचना है तो दो लाख रुपये देने होंगे।

सुंदरम ने स्वजन को बुलाया और रुपये देकर वापस घर पहुंचे। सिपाहियों ने शिकायत करने पर जेल भेजने की धमकी दी। उन्होंने एसपी सौरभ दीक्षित से इसकी शिकायत की, जिस पर उन्होंने जलालाबाद सीओ दीपक कुमार व तिलहर सीओ विदुश सक्सेना से जांच कराई।

सिपाहियों ने बचाव में हर हथकंडा अपनाया, लेकिन उन पर लगे आरोपों को लेकर पुख्ता सुबूत मिले, जिस पर एसपी ने कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में अगर अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आती है तो उन पर भी कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें- बदायूं में भैंसों से लदा ट्रक छोड़ने पर दारोगा और सिपाही निलंबित, एसएसपी ने की कार्रवाई