विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजलीघर में टीजी-2 की कुर्सी के पीछे फन फैलाकर बैठा मिला कोबरा, आखिर; शामली में एक ही जगह क्यों दिख रहा सांप!

By Abhishek Kaushik Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 23 Oct 2026 05:33 PM (IST)

चौसाना के खोड़समा बिजलीघर में टीजीटू की कुर्सी के पीछे एक कोबरा सांप मिला, जिससे हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने ...और पढ़ें

शामली के खोडसमा बिजलीघर में कुंडली मारकर बैठा कोबरा सांप। सौ. विद्युत विभाग

शामली के खोडसमा बिजलीघर में कुंडली मारकर बैठा कोबरा सांप। सौ. विद्युत विभाग

HighLights

  1. खोड़समा बिजलीघर में टीजीटू की कुर्सी पीछे मिला कोबरा।

  2. कर्मचारियों ने सांप को सुरक्षित पकड़ जंगल में छोड़ा।

  3. एक साल में कई बार इसी स्थान पर दिखा है सांप।

संवाद सूत्र, चौसाना (शामली)। आएदिन सर्पदंश की घटनाओं के बीच शुक्रवार को खोड़समा बिजलीघर में टीजीटू की कुर्सी के पीछे कोबरा सांप फन फैलाकर बैठा मिला, जिससे अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर तैनात टीजीटू ने तुरंत लाइनमैनों को फोन कर मौके पर बुलाया। बाद में कर्मचारियों ने सावधानी बरतते हुए सांप को बोरे में बंद किया और आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया।

खोड़समा बिजलीघर पर टीजीटू कृष्ण कुमार मौर्य ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कुर्सी के पीछे बैठे कोबरा सांप पर पड़ी। सांप कुंडली मारकर बैठा था और फुंकार रहा था। अचानक सामने आए कोबरा सांप को देख वे सतर्क हो गए। उन्होंने बिना देर किए लाइनमैनों को फोन कर मौके पर बुलाया।

सूचना पर लाइनमैन शोभाराम और बिल्लू बिजलीघर पहुंचे। इसके बाद टीजीटू कृष्ण कुमार मौर्य और दोनों लाइनमैनों ने मिलकर सांप को बाहर निकालने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने लाठी-डंडों की मदद से सावधानीपूर्वक कोबरा को बोरे में बंद किया व बिजलीघर से दूर जंगल में छोड़ दिया गया। सांप पकड़े जाने और बाहर ले जाने के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

एक ही स्थान पर बार-बार पहुंच रहा कोबरा
बिजलीघर के कर्मचारियों के अनुसार, करीब एक साल में चार से पांच बार इसी स्थान पर कोबरा सांप दिखाई दे चुका है। हर बार सांप के कुंडली मारकर बैठने से कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन जाता है। बिजलीघर में कर्मचारियों की आवाजाही बनी रहती है, ऐसे में जहरीले सांप का बार-बार दिखाई देना चिंता का विषय है। इस बार भी समय रहते नजर पड़ने और कर्मचारियों की सतर्कता से किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।