विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Ankit Baliyan murder: कनाडा से Snapchat पर चल रहा था गोगी गैंग का हत्या माड्यूल, चार दिनों में शूटरों ने बदली दस-दस ID

By Akash Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 01 Sep 2026 06:39 AM (IST)

Ankit Baliyan murder case: कनाडा में बैठा गोगी गैंग का सरगना स्नैपचैट के जरिए हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड का ...और पढ़ें

स्नैपचैट आईडी और अंकित बालियान का फाइल फाेटो।

स्नैपचैट आईडी और अंकित बालियान का फाइल फाेटो।  

HighLights

  1. मोंटी मान संभाल रहा था स्नैप चैट हैंडल की जिम्मेदारी।

  2. शूटरों ने पुलिस से बचने को बदलीं दस-दस स्नैपचैट आईडी।

जागरण संवाददाता, शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के राजफाश में पुलिस को जानकारी मिली कि पुलिस से बचने के लिए कनाडा में बैठा गोगी गैंग का सरगना स्नैपचैट के जरिए अपने पूरे गिरोह का संचालन कर रहा था।

अंकित बालियान की हत्या के लिए जिन शूटरों को टास्क दिया गया था, उन्हें भी स्नैपचैट आईडी पर ही आपस में और आकाओं से बातचीत करने के कड़े निर्देश दिए गए थे। सर्विलांस और पुलिस की पकड़ से दूर रहने के लिए शूटरों ने हत्या की योजना बनाने से लेकर उसे अंजाम देने और घटना के बाद फरार होने तक 10-10 स्नैपचैट आईडी का इस्तेमाल किया था।

अंकित बालियान की हत्या करने के लिए शूटरों ने शातिराना तरीका अपनाया गया था। एक स्नैपचैट आईडी का इस्तेमाल केवल एक ही बार बातचीत के लिए किया जाता था, जिसके तुरंत बाद उसे बंद कर दिया जाता था। घटनास्थल की रेकी, पूरे रूट चार्ट और पल-पल की फोटो स्नैपचैट के जरिए ही गोगी गैंग के मुख्य हैंडलर मोंटी मान को भेजी जाती थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मोंटी मान जहां स्नैपचैट आईडी को हैंडल कर रहा था, वहीं भोलू शापुरिया स्नैप काल के जरिए शूटरों को निर्देश दे रहा था। गैंग के पूरे नेटवर्क के बीच समन्वय और तालमेल का काम चिराग को सौंपा गया था। बदमाशों को जो-जो टास्क दिया जाता, वे उसी आधार पर काम करते थे। हर स्थिति की फोटो भी शूटरों से स्नैपचेट पर ही मंगाई गई थी।

यह भी पढ़ें- जयन्त चौधरी के सामने छलका सिंगर अंकित बालियान के परिवार का दर्द, पिता बोले-पूरी सच्चाई आनी चाहिए सामने

स्नैपचैट और डिजिटल ट्रेल से मिले इन अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने गोगी गैंग का पूरा नेटवर्क खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े 100 सक्रिय गुर्गों को अपने रडार पर ले लिया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों में लगातार दबिश दी जा रही है।

यह भी पढ़ें- सिंगर अंकित बालियान का मर्डर शामली में हुआ तो फिर बागपत के 3 पुलिसवालों के खिलाफ क्यों हुई कार्रवाई?