विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अपडेशन के चलते शामली में 72 घंटे से ठप पड़ी ई-चालान सेवा, पुलिस सिर्फ फोटो खींचने को मजबूर

Published: Tue, 29 Sep 2026 03:23 AM (IST)

शामली में पिछले तीन दिनों से ई-चालान सेवा तकनीकी खराबी और सर्वर ठप होने के कारण बाधित है, जिससे पुलिस ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. शामली में ई-चालान सेवा 72 घंटे से बाधित।

  2. तकनीकी खराबी और सर्वर अपडेशन मुख्य कारण।

  3. पुलिस केवल फोटो ले रही, चालान बाद में होंगे।

आकाश शर्मा, शामली। सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ रोजाना ताबड़तोड़ कार्रवाई करने वाली पुलिस और परिवहन विभाग के हाथ पिछले तीन दिनों से पूरी तरह बंधे हुए हैं। ई-चालान ऐप्लीकेशन में आई तकनीकी खराबी और सर्वर ठप होने के कारण शामली जिले में पिछले 72 घंटों के भीतर एक भी वाहन का ई-चालान नहीं काटा जा सका है।

सिस्टम में आई इस खराबी के चलते यातायात व्यवस्था सुधारने में जुटी पुलिस बेबस नजर आ रही है। बताया गया कि पूरी यूपी में ही ई-चालान अपडेट होने के चलते बंद है। शनिवार सुबह से ही ई-चालान ऐप्लीकेशन अचानक बंद हो गई। आमतौर पर शामली जिले में यातायात पुलिस और थानों की पुलिस रोजाना करीब 800 से अधिक वाहनों के चालान काटकर कार्रवाई करते थे, लेकिन पिछले तीन दिनों से ऐप्लीकेशन न चलने के कारण चालान प्रक्रिया पूरी तरह शून्य पर आ टिकी है।

सोमवार को कुछ समय के लिए ऐप्लीकेशन चालू जरूर हुई, जिससे उम्मीद जगी थी, लेकिन कुछ ही देर में यह दोबारा ठप हो गई। ऐप के संबंध में लखनऊ कार्यालय से यातायात पुलिस को बताया गया कि ई-चालान ऐप्लीकेशन में किसी तरह का सिस्टम अपडेशन (तकनीकी सुधार) का काम चल रहा है। इस अपडेशन प्रक्रिया की वजह से केवल शामली ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में ई-चालान सेवा बाधित है।

यातायात प्रभारी निधि चौधरी ने बताया कि जैसे ही ऐप्लीकेशन पूरी तरह से अपडेट होकर सुचारू होगी, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ फिर से अभियान चलाकर चालान की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। तब तक पुलिसकर्मी केवल मौके पर समझा-बुझाकर ही यातायात व्यवस्था संभालने को मजबूर हैं।

सिर्फ फोटो खींच रही पुलिस, चालान बाद में कटेंगे
लोगों के अंदर वाहन चालान का डर रहे और वह यातायात नियमों का पालन कर सके इसलिए पुलिस अधिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का फोटो तो ले रही है, इनके चालान बाद में किए जा सकेंगे। पुलिस का मकसद है कि लोग यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस वाहन चालकों को लगातार नियमों के प्रति जागरूक भी कर रही।

यह भी पढ़ें- शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे के लिए 26 गांवों में जमीन अधिग्रहण ने पकड़ी रफ्तार, पूरी प्रक्रिया पर प्रशासन की निगरानी