विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रिकवरी न ही दर्ज हुआ मुकदमा... बस, यूं ही निपटा दिया शामली के फर्जी शिक्षकों का मामला

By Akash Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 23 Oct 2026 02:16 PM (IST)

शामली में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी पाने वाले सात शिक्षकों की सेवा समाप्त होने के बावजूद वेतन वसूली ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. सात फर्जी शिक्षकों की सेवा समाप्ति के बाद भी कार्रवाई अधूरी।

  2. वेतन वसूली और मुकदमा दर्ज करने का आदेश अभी तक लंबित।

जागरण संवाददाता, शामली। बेसिक शिक्षा विभाग में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी पाने वाले सात शिक्षकों की सेवा समाप्त होने के बावजूद रिकवरी और मुकदमे की कार्रवाई अधर में लटकी है। तत्कालीन बीएसए लता राठौर ने जांच में दस्तावेज फर्जी पाए जाने पर सात शिक्षकों की सेवा समाप्ति के आदेश में रिकवरी और मुकदमा दर्ज कराने का भी उल्लेख किया गया था, लेकिन लंबे समय बाद भी इन दोनों कार्रवाई को अंजाम नहीं दिया जा सका है।

सेवा समाप्त होने के बावजूद एक शिक्षक के आए दिन विभाग में पहुंचने की बात सामने आई है, लेकिन उसकी रिकवरी के आदेश तक जारी नहीं किए गए हैं। पिछले दिनों इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने समस्त शिक्षकों के दस्तावेजों के सत्यापन कराने के निर्देश दिए थे। जांच के लिए विभागीय आदेश का इंतजार चल रहा है। हालांकि, पहले की जांच में दोषी पाए गए सात शिक्षकों के मामले में रिकवरी और मुकदमे की कार्रवाई पूरी नहीं होना विभागीय जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

एक ओर नए सिरे से अभिलेखों की जांच की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर पूर्व में सामने आए फर्जीवाड़े पर कार्रवाई अधूरी है। सेवा समाप्त किए गए शिक्षकों में प्राथमिक विद्यालय केरटू में तैनात विनीत कुमार, प्राथमिक विद्यालय धनैना में तैनात विजय कुमार और प्राथमिक विद्यालय बधेव में तैनात कृष्णा शामिल हैं। इनके अलावा भूरा के प्राथमिक विद्यालय में तैनात अरविंद, ऊन ब्लाक में तैनात कपिल, शामली ब्लाक के चांदवीर और थानाभवन ब्लाक में तैनात शशि प्रभा के नाम भी सूची में शामिल हैं।

आदेश में रिकवरी और मुकदमा दर्ज कराने का उल्लेख होने के बावजूद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ना विभाग की जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है। सरकारी सेवा के दौरान प्राप्त वेतन की नियमानुसार वसूली और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया लंबित है। इससे विभागीय आदेशों के अनुपालन पर भी सवाल उठ रहे हैं।

जल्द ही रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी
जिन शिक्षकों की पूर्व में सेवा समाप्त की गई थी, उनकी रिकवरी की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, समस्त शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच के लिए अभी शासन से आदेश नहीं मिला है। -संतोष कुमार, बीएसए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।