युवक को घर में रखा और मतांतरण के बाद करा दिया निकाह, बिफरे स्वामी यशवीर; बोले-कार्रवाई न हुई तो होगी हिंदू पंचायत
शामली में एक हिंदू युवक का मतांतरण कराकर मुस्लिम युवती से निकाह कराने का मामला सामने आया है। स्वामी यशवीर ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
हिंदू युवक का मतांतरण कराया मुस्लिम युवती से निकाह।
स्वामी यशवीर ने पुलिस से की कड़ी कार्रवाई की मांग।
पुलिस मामले की जांच कर रही, निकाह की भी पड़ताल।
संवाद सूत्र, जागरण, बाबरी, (शामली)। हिंदू युवक का मतांतरण कराकर मुस्लिम युवती से निकाह कराने का मामला सामने आया है। प्रकरण में योग साधना यशवीर आश्रम बघरा (मुजफ्फरनगर) के स्वामी यशवीर ने पुलिस से पूरे प्रकरण में शामिल आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।

स्वामी यशवीर।
शुक्रवार को स्वामी यशवीर की ओर से इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित किया गया, जिसमें आरोप लगाया कि अंबाला से एक युवक को बाबरी थानाक्षेत्र के गांव भदौड़ा में लाकर मुस्लिम परिवार ने अपने घर में रखा हुआ है। आरोप लगाया कि युवक का मतांतरण कराया गया और मुस्लिम युवती से निकाह करा दिया गया। उन्होंने मतांतरण कराने वाले मौलवी और इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की। उनका कहना है कि गांव के लोगों को भी इसकी जानकारी थी, लेकिन किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी।
स्वामी यशवीर ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की तो भदौड़ा में एक हिंदू पंचायत की जाएगी। उधर, पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक करीब साढ़े तीन से चार वर्ष पहले भदौड़ा आया था। थाना अध्यक्ष बाबरी कुलदीप सिंह ने बताया कि युवक का नाम प्रवेश निवासी पटना है और उसे मानसिक रूप कमजोर बताया जा रहा है। गुलजार नाम का व्यक्ति उसे अंबाला से भदौड़ा लेकर आया था, जिसके बाद से वह गांव में ही रह रहा था। उन्होंने बताया कि युवक के निकाह की भी जांच कराई जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि निकाह कब, कहां और किन परिस्थितियों में कराया गया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दूसरी ओर, जून 2026 में भी शामली में आयुष मलिक मतांतरण प्रकरण सामने आया था, जो लंबे समय तक चर्चाओं में रहा। इस प्रकरण में चादंनी कुरैशी, उसके पिता और एक अन्य जेल भी गए थे।
