चिता से राख और अस्थियां चुराने पर दो महिलाएं गिरफ्तार, कलसुम व मुन्नी से चोरी करने का कारण जानकर लोग हैरान
Shamli News : शामली के झाड़खेड़ी गांव में श्मशान घाट से चिता की राख और अस्थियां चोरी होने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मिट्ठन सिंह के अंतिम ...और पढ़ें

चिता का प्रतीकात्मक फोटो और पुलिस गिरफ्त में आरोपित महिलाएं।
HighLights
शामली जिले के गांव झाड़खेड़ी का मामला।
जानकारी पर ग्रामीणों में फैला आक्रोश।
संवाद सूत्र, जागरण, कैराना (शामली) । गांव झाड़खेड़ी में मुस्लिम समुदाय की महिलाओं द्वारा श्मशान घाट से चिता की राख व अस्थियां चोरी किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव कर राख चोरी करने वाली महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। उधर, चोरी का कारण जानकार कई लोगों ने हैरानी भी जताई।
बुधवार को झाड़खेड़ी निवासी मिट्ठन सिंह की मौत हो गई थी, जिसका अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट में किया था। शुक्रवार सुबह स्वजन अस्थियां चुनने श्मशान घाट पहुंचे। आरोप है कि वहां पर चिता की राख अस्त-व्यस्त थी और कुछ अस्थियां गायब थीं।
इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। तीतरवाड़ा चौकी प्रभारी पवन चौधरी गांव पहुंचे।
ग्रामीणों ने गांव की कलसुम पर राख व अस्थियां चोरी करने का आरोप लगाया। पुलिस महिला के घर पहुंची और पूछताछ के लिए कोतवाली लेकर जाने लगी। ग्रामीण मौके पर ही पूछताछ करने की बात पर अड़ गए। चौकी प्रभारी ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर कोतवाली प्रभारी समयपाल अत्री गांव पहुंचे। इसके बाद पुलिस महिला को कोतवाली ले आई।
जहां पर उससे पूछताछ की। कलसुम ने बताया कि कैराना के मुहल्ला रहमतनगर निवासी मुन्नी की बेटी की तबीयत खराब चल रही थी।
किसी ने बताया था कि चिता की राख लगाने से ठीक हो जाती है, जिसके चलते वह चिता से राख लेकर आई थी। इसके बाद पुलिस ने मुन्नी को भी हिरासत में ले लिया। ग्रामीण योगी डा. गौतमनाथ व झाड़खेड़ी ग्राम प्रधान अंकुर सैनी के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने मृतक मिट्ठन सिंह के पुत्र गोपाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
कलसुम व मुन्नी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। उधर, तीतरवाड़ा चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों महिलाओं की निशानदेही पर चिता से चोरी की गई राख बरामद हुई है। उन्होंने चिता से राख चोरी किया जाना भी स्वीकार किया है।