अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर भड़काऊ पोस्ट करने वाले 50 सोशल मीडिया अकाउंट चिन्हित, संचालकों पर होगा मुकदमा
Ankit Baliyan Murder Case: शामली पुलिस ने अंकित बालियान हत्याकांड से संबंधित भड़काऊ पोस्ट करने वाले 50 सोशल मीडिया अकाउंट्स ...और पढ़ें

स्नैपचैट आईडी और अंकित बालियान का फाइल फाेटो।
HighLights
हत्याकांड को लेकर इंस्टाग्राम से लेकर स्नैपचैट व फेसबुक पर की गई थीं पोस्ट।
पुलिस ने 100 अकाउंट्स को बंद कराया,इनमें इंस्टाग्राम पर सबसे अधिक आईडी।
जागरण संवाददाता, शामली। पश्चिम यूपी और हरियाणा का सबसे चर्चित प्रकरण बन चुका अंकित बालियान हत्याकांड इंटरनेट मीडिया पर ट्रेंड में है। ऐसे में लोग व्यूज कमाने के लिए विभिन्न भडकाऊ और पुलिस को चुनौती देते वीडियो वायरल कर रहे हैं। शुरूआती दौर में कई लोगों ने वीडियो वायरल कर अंकित बालियान की हत्या करने का दावा किया।
पुलिस ने ऐसे 50 अकाउंट चिन्हित किए। जिनके संचालकों पर पुलिस जल्द मुकदमा दर्ज करेगी। इसके अलावा 100 अकाउंट की रिपोर्ट करते हुए उन्हें बंद भी कराया गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
26 अगस्त को हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या कर दी गई थी। इस प्रकरण में रात में ही राहुल उर्फ भोलू ने गोगी गैंग की ओर से अंकित की हत्या करने की जिम्मेदारी ली थी। यह माना जा रहा है कि व्यूज पाने के लिए सिंगर भूपेंद्र ने भी हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए कई वीडियो वायरल कीं। इसके अलावा अभी तक 10 दिनों में 100 से अधिक फर्जी आईडी बनाकर अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े विभिन्न भडकाऊ पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर वायरल किए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की साइबर और सर्विलांस टीम ने सोशल मीडिया पर बारीकी से निगरानी शुरू की। जांच के दौरान ऐसे 50 फर्जी अकाउंट्स की पहचान की गई, जिनके जरिए लगातार भड़काऊ पोस्ट और वीडियो साझा किए जा रहे थे।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि जिले का माहौल खराब करने और आरोपितों से जुड़े वीडियो वायरल करने वाले ऐसे सभी 50 अकाउंट्स को चिह्नित कर लिया गया है। पुलिस इन फर्जी अकाउंट्स को संचालित करने वाले लोगों पर मुकदमा दर्ज करेगी। पुलिस ने अभी तक 100 अकाउंट की रिपोर्ट कर बंद भी कराया है। इनमें इंस्टाग्राम पर सबसे अधिक आइडी है। जबकि 20 से अधिक आइडी स्नैपचेट की भी है।
