'चोर भाइयों! सामान मत चुराओ, नकद ले जाओ': शामली में पुलिस की नाकामी से आहत लाचार किसान चोरों से मांग रहे 'रहम'
Shamli News: शामली जिले में नलकूपों से सबमर्सिबल, केबल और स्टार्टर की लगातार चोरी से किसान आक्रोशित हैं। पुलिस की ...और पढ़ें

शामली के गांव कुड़ाना में चोरों के आतंक से परेशान किसान ने नलकूप के दरवाजे पर लिखा संदेश। जागरण
HighLights
जिले में बढ़ती नलकूपों पर चोरी की घटना से किसानों में रोष, नहीं हो रहा राजफाश।
कोतवाली क्षेत्र में हो रही सबसे अधिक घटनाएं, कांधला और बाबरी क्षेत्र में भी चोरी।
जागरण संवाददाता, शामली। जिले में नलकूपों से सबमर्सिबल, केबल और स्टार्टर की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में रोष है। पुलिस की कार्यशैली और चोरों पर शिकंजा कसने में नाकामी से आहत किसानों का अब कानून से विश्वास उठता नजर आ रहा है।
किसानों ने नलकूपों पर लिखा कि चोर भाइयों, चोरी मत करो, जितने रुपये का नलकूपों से चोरी का सामान बिकता है, उतने रुपये ले जाइए। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी घटनाओं का राजफाश किया जाएगा।
जिले में नलकूप चोर गिरोह पूरी तरह बेखौफ हो चुका है। कोतवाली क्षेत्र के गांव लाक, लिसाढ़, बहावड़ी, कुड़ाना, बाबरी क्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा, आदमपुर, हाथी करौदा और कांधला क्षेत्र के गांव एलम में लगातार नलकूपों को निशाना बनाया जा रहा है। चोर सबमर्सिबल केबल, कटिया और स्टार्टर उखाड़कर ले जा रहे हैं। अब तक जिले भर में 70 से अधिक नलकूपों पर चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका कोई राजफाश नहीं हो सका। इसको लेकर किसानों ने भाकियू पदाधिकारियों के साथ कोतवाली पहुंचकर भी विरोध जताया था।
पुलिस की तरफ से गश्त बढ़ाने और जल्द राजफाश करने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। रोज-रोज की हजारों रुपये के आर्थिक नुकसान से तंग आकर आखिरकार किसानों ने नलकूपों के गेट पर चोरों से अपील लिखना शुरू कर दिया है।
गांव कुड़ाना के किसान ने नलकूप के गेट पर लिखा कि चोर भाइयों, जितने रुपये का नलकूपों पर चोरी करने के बाद सामान बेचते हुए उतने रुपये नकद ले लिया करो, लेकिन चोरी मत करो, इससे कई दिनों तक सिंचाई प्रभावित होती है। कहा कि आप बता दो, खेत में ही रुपये रख दिए जाएंगे। एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि नलकूपों पर चोरी की घटनाओं की रोकथाम और राजफाश करने के लिए टीम का गठन किया गया है।
