Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अब नहीं लगाने पड़ेंगे बिजली घर के चक्कर, Whatsapp चैटबॉट के जरिए चुटकियों में दूर होंगी बिजली बिल से जुड़ी समस्याएं

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 04:03 PM (IST)

    यूपीपीसीएल ने 31 अगस्त तक विशेष अभियान शुरू किया है, जिसके तहत व्हाट्सएप चैटबॉट के जरिए घर बैठे बिजली बिल व मीटर संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान होगा ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    HighLights

    1. व्हाट्सएप चैटबॉट और हेल्पलाइन 1912 से घर बैठे समाधान।

    2. 31 अगस्त तक विशेष अभियान, बिल व मीटर समस्याओं का निवारण।

    3. पारदर्शी, सुगम और डिजिटल प्रक्रिया से उपभोक्ताओं को राहत।

    जागरण संवाददाता, शामली। जिले के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के निर्देश पर आगामी 31 अगस्त तक विशेष अभियान शुरू किया गया है। अब शिविर में मौके पर न पहुंच सके तो घर बैठे ही व्हाट्सएप चैटबाट और हेल्पलाइन 1912 के जरिए बिजली बिल और मीटर संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सकेगा।

    जिले में बिजली बिल संशोधन या अन्य तकनीकी गड़बड़ियों को दूर कराने के लिए उपभोक्ताओं को बिजली घरों और शिविरों के चक्कर काटने पड़ते थे। कई बार लंबी कतारों में खड़े होने के बावजूद संतोषजनक समाधान नहीं मिल पाता था। आम जनता की इन कठिनाइयों को गंभीरता से लेते हुए ऊर्जा निगम ने प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुगम और डिजिटल बना दिया है।

    अब उपभोक्ता बिना कार्यालय जाए अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने इसके लिए आदेश जारी किया है, जिसके तहत जिले में आगामी 31 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष कैंप अभियान के तहत ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों को सक्रिय किया गया है।

    जो उपभोक्ता किन्हीं कारणों से बिजली कार्यालय या शिविर स्थल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे सीधे 1912 नंबर डायल कर सकते हैं या आधुनिक व्हाट्सएप चैटबाट सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शिकायत दर्ज होते ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए जाते हैं, जिससे काम में पारदर्शिता और तेजी दोनों सुनिश्चित होगी।

    खबरें और भी

    शिविरों में शुरू की गई ये विशेष सुविधाएं

    ऊर्जा निगम द्वारा आयोजित इन विशेष शिविरों में बिल संशोधन, खराब मीटरों को बदलना, नया संयोजन (कनेक्शन), भार वृद्धि, विधा परिवर्तन और मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी अपडेट कराने जैसे सभी कार्य एक ही छत के नीचे निष्पादित किए जा रहे हैं। प्रत्येक कैंप स्थल पर पर्याप्त कंप्यूटर और लैपटाप के साथ हेल्पडेस्क बनाई गई है, जिससे आने वाले प्रत्येक उपभोक्ता का सही विवरण दर्ज हो सके।

    यह भी पढ़ें- शामली फुरकान एनकाउंटर: 23 सालों से फैला रखा था जुर्म का जाल, एक घंटे तक छिपकर चलाता रहा गोली

    उपभोक्ता को त्वरित मिलेगी निस्तारण की सूचना

    निगम के उच्चाधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी उपभोक्ता की शिकायत बिना पंजीकरण के वापस नहीं लौटाई जाएगी। निस्तारण के बाद उसकी सूचना भी संबंधित उपभोक्ता के व्हाट्सएप नंबर पर तुरंत प्रेषित की जाएगी। इस कदम से बिजली उपभोक्ताओं का समय और श्रम दोनों बच रहा है तथा ऊर्जा निगम और जनता के बीच संवाद अधिक मजबूत हो रहा है।

    उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए व्हाट्सएप आधारित यह डिजिटल व्यवस्था शुरू कर दी गई है। अब गलत बिल और रीडिंग की शिकायतें मिनटों में दूर होंगी। व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और कारगर है। उपभोक्ता 31 अगस्त तक शिविर या ऑनलाइन इस विशेष सुविधा का लाभ उठाकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं।
     
                                                                                      विनोद कुमार, मुख्य अभियंता