ककरहवा सीमा पर दो घंटे घटा कस्टम का टाइम, यात्रियों की बढ़ेगी मुश्किल, अब रात 8 बजे की नहीं; शाम 6 बजे तक बनेगी नई भंसार
ककरहवा सीमा पर नेपाल में भारतीय वाहनों के प्रवेश के लिए भंसार का समय दो घंटे घटाकर शाम 6 बजे तक कर दिया गया है। इससे लुंबिनी जाने वाले पर्यटकों को परे ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
ककरहवा सीमा पर भंसार का समय अब शाम 6 बजे तक।
भारतीय पर्यटकों को नेपाल प्रवेश के लिए अब अधिक इंतजार।
स्थानीय व्यापारी, पर्यटन संगठन पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग।
संवाद सूत्र, ककरहवा। गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी सहित नेपाल के विभिन्न पर्यटन स्थलों की यात्रा के लिए प्रमुख ककरहवा सीमा से वाहन लेकर जाने वाले भारतीय पर्यटकों की मुश्किल बढ़ सकती है। नेपाल के ककरहवा स्थित लुंबिनी छोटी भन्सार कार्यालय के संचालन समय में दो घंटे की कटौती कर दी गई है।
अब यहां नेपाली समयानुसार शाम छह बजे तक ही नेपाल में प्रवेश करने वाले भारतीय वाहनों की नई भन्सार बनाई जाएगी। इससे पहले यह सुविधा रात आठ बजे तक उपलब्ध थी। नई व्यवस्था के कारण शाम छह बजे के बाद सीमा पर पहुंचने वाले वाहनों को भन्सार के लिए अगले दिन तक प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है।
ककरहवा सीमा भारत से लुंबिनी जाने वाले प्रमुख मार्गों में शामिल है। इस रास्ते से भारतीय पर्यटक गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी के अलावा तिलौराकोट, कपिलवस्तु और नेपाल के अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंचते हैं। सड़क मार्ग से लंबी दूरी तय कर आने वाले पर्यटक देर शाम भी सीमा पर पहुंचते हैं।
अगले दिन कार्यालय खुलने तक करनी होगी प्रतीक्षा
ऐसे यात्रियों के लिए भन्सार का समय दो घंटे कम होना परेशानी का कारण बन सकता है। समय की जानकारी के अभाव में शाम छह बजे के बाद पहुंचने पर उन्हें नेपाल में वाहन प्रवेश की अनुमति के लिए अगले दिन कार्यालय खुलने तक प्रतीक्षा करनी होगी।
खबरें और भी
भारत-नेपाल सीमा के अन्य प्रमुख भन्सार कार्यालयों पर नेपाली समयानुसार रात आठ बजे तक भन्सार बनाए जाने की व्यवस्था होने की बात सामने आ रही है, जबकि ककरहवा छोटी भन्सार कार्यालय का समय घटाकर शाम छह बजे कर दिया गया है। ककरहवा से बड़ी संख्या में पर्यटकों के आवागमन को देखते हुए समय में हुई कटौती का असर सीमा क्षेत्र की आवाजाही पर भी पड़ सकता है।
हालांकि, नेपाल से भारत लौटने वाले वाहन चालकों के लिए व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। भन्सार एग्जिट की प्रक्रिया पूर्व की तरह नेपाली समयानुसार रात 10 बजे तक जारी रहेगी। बदलाव केवल भारत से वाहन लेकर नेपाल में प्रवेश करने के लिए बनाई जाने वाली नई भन्सार के समय में हुआ है। भन्सार के समय में कटौती के बाद स्थानीय व्यापारियों, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों और सामाजिक संगठनों की ओर से पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई गई है।
ककरहवा सीमा लुंबिनी तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग होने के कारण छोटी भन्सार कार्यालय का समय दोबारा रात आठ बजे तक किए जाने की मांग की जा रही है, जिससे देर शाम पहुंचने वाले पर्यटकों और अन्य यात्रियों को सीमा पर अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।