नेपाल हिंसा का असर सीमा तक, सिद्धार्थनगर के सीमाई क्षेत्रों में चौकसी कड़ी
पड़ोसी देश नेपाल में भड़की हिंसा को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ककरहवा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीमा पर तैनात सभी भारतीय ...और पढ़ें

नेपाल सीमा से सटे रास्तों पर आईडी जांच।
HighLights
नेपाल हिंसा के कारण ककरहवा सीमा पर सुरक्षा कड़ी।
नेपाल के पारसा, धनुषा जिलों में तनावपूर्ण हालात।
सीमा पर आने-जाने वालों की सघन जांच जारी।
संवाद सूत्र, ककरहवा। पड़ोसी देश नेपाल में भड़की हिंसा को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ककरहवा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीमा पर तैनात सभी भारतीय सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। नेपाल से आने-जाने वाले लोगों से सघन पूछताछ के बाद ही भारतीय सीमा में प्रवेश दिया जा रहा है। मुख्य मार्गों के साथ-साथ पगडंडी रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
नेपाल एक बार फिर हिंसा की चपेट में है। भारतीय सीमा से सटे नेपाल के पारसा जिला और धानुषा जिला में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। धानुषा जिले में मस्जिद में तोड़फोड़ की घटना के बाद हालात बिगड़े और हिंसा भड़क उठी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नेपाल सरकार ने पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
कई स्थानों पर नेपाल पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने के साथ हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। नेपाल में जारी हिंसा का असर अब भारत–नेपाल सीमा पर साफ दिखने लगा है। ककरहवा समेत सीमावर्ती इलाकों में पुलिस और एसएसबी के जवान पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं। मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग कर जांच की जा रही है, वहीं पगडंडी रास्तों से किसी भी संदिग्ध की घुसपैठ रोकने के लिए संयुक्त गश्त तेज कर दी गई है।
सीमा पार से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान पत्र की जांच की जा रही है। संदिग्ध प्रतीत होने वालों से विशेष पूछताछ के साथ सीमा में प्रवेश का उद्देश्य भी पूछा जा रहा है। मोहाना थानाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह ने बताया कि नेपाल में भड़की हिंसा को देखते हुए सीमा पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। किसी भी उपद्रवी या असामाजिक तत्व को भारतीय सीमा में प्रवेश न करने देने के लिए सभी एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।