सिद्धार्थनगर में 5.94 करोड़ से बनेंगी दो प्रमुख सड़कें, कई गांवों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 5.94 करोड़ रुपये की लागत से दो प्रमुख सड़कों का निर्माण होगा, जिनकी कुल लंबाई 6.600 किलोमीटर है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
शोहरतगढ़ में 5.94 करोड़ से दो सड़कें स्वीकृत।
कुल 6.600 किलोमीटर लंबी सड़कें बनेंगी क्षेत्र में।
बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों, व्यापारियों को लाभ मिलेगा।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। विधायक विनय वर्मा की पहल पर विधानसभा क्षेत्र शोहरतगढ़ में वित्तीय वर्ष 2026-27 में शासन ने लोक निर्माण विभाग की दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है। दोनों परियोजनाओं पर कुल 593.68 लाख रुपये यानी करीब 5.94 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
स्वीकृत कार्यों में नौडिहवा पुल अप्रोच से जीतपुर चौराहा तक 3.700 किलोमीटर लंबे मिसिंग लिंक मार्ग का निर्माण शामिल है। इस परियोजना की लागत 321.99 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
वहीं बानगंगा कैनाल पटरी संपर्क मार्ग से परासपिंडा संपर्क मार्ग तक 2.900 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 271.69 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों सड़कों की कुल लंबाई 6.600 किलोमीटर होगी।
सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे किसानों को खेत और बाजार तक पहुंचने, व्यापारियों को आवागमन तथा आमजन को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। लंबे समय से बेहतर संपर्क मार्ग की जरूरत महसूस कर रहे ग्रामीणों को भी इसका लाभ मिलेगा।
विधायक विनय वर्मा ने स्वीकृति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों का क्रम लगातार जारी रहेगा और आने वाले समय में इसी तरह अन्य सड़कों की स्वीकृति भी मिलने की उम्मीद है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति को और तेज किया जाएगा।
