सामूहिक विवाह समारोह में ग्राम पंचायत अधिकारी समेत पांच महिलाओं के जेवर चोरी, तीन लोगों से पूछताछ
सिद्धार्थनगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के दौरान अव्यवस्था के बीच पांच महिलाओं के जेवर चोरी हो गए, जिसमें एक ग्राम पंचायत अधिकारी का ढाई लाख ...और पढ़ें

सामूहिक विवाह समारोह में ग्राम पंचायत अधिकारी समेत पांच महिलाओं के जेवर चोरी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को बीएसए मैदान में आयोजित समारोह में अव्यवस्था और भीड़भाड़ के बीच कई महिलाओं के जेवर गायब हो जाने से हड़कंप मच गया। ग्राम पंचायत अधिकारी सहित पांच महिलाओं ने अपने जेवर चोरी होने का आरोप लगाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस सक्रिय हुई और संदेह के आधार पर कार्यक्रम स्थल पर घूम रहे तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
नौगढ़ विकास खंड में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर कार्यरत स्वप्निल श्रीवास्तव ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह में उनकी ड्यूटी लगाई गई थी।
कार्यक्रम के दौरान भीड़भाड़ के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र निकाल लिया। इसकी कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ समय बाद जब हाथ गले पर गया तो मंगलसूत्र गायब मिला।
इसके बाद उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना परियोजना निदेशक नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी सर्वेश मोहन तथा सदर थाना को दी। इसी दौरान समारोह में शामिल अन्य महिलाओं ने भी अपने जेवर गायब होने की शिकायत की।
कार्यक्रम में शामिल गीता और पिंकी का मंगलसूत्र, जबकि रीना और विंध्यवासिनी के कान के झुमके गायब होने की बात सामने आई। अचानक एक के बाद एक कई महिलाओं के जेवर गायब होने की सूचना फैलते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- IIT BHU के टेक्नेक्स - 2026 के अंतिम दिन तकनीकी दक्षता और देश की सुरक्षा ने दिखाया दम
सदर थाना प्रभारी मिथिलेश राय ने बताया कि समारोह में भोजन के समय एक साथ अधिक लोगों के पहुंचने से धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई थी। ऐसे में किसी की चेन या अंगूठी गिर जाने की भी संभावना है। फिर भी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तीन संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अव्यवस्था के आरोपों को असत्य बताया। उन्होंने कहा कि भोजन के लिए तीन स्थानों पर व्यवस्था की गई थी तथा महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था थी। उनके अनुसार भोजन शुरू होने से पहले ही एक महिला का मंगलसूत्र गायब होने की सूचना मिली थी। लगभग साढ़े ग्यारह बजे मंच से इसकी घोषणा भी कराई गई थी, जिसके बाद अन्य महिलाओं के जेवर गिरने या गायब होने की जानकारी सामने आई। -एमपी सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी।