सिद्धार्थनगर में दामाद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुर-साले पर लगाया हत्या का आरोप
साले की शादी में ससुराल पहुंचे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के पिता ने ससुर और साले पर पुरानी रंजिश के चलते पीट-पीटकर हत्या करने क ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
युवक की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई।
पिता ने ससुर-साले पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने जांच शुरू की, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
संवाद सूत्र, भवानीगंज (सिद्धार्थगनर)। साले की शादी में शामिल होने के लिए ससुराल पहुंचे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। मृतक के पिता ने ससुर और साले पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए भवानीगंज थाने में तहरीर दी है। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
गोंडा जनपद के खोड़ारे थाना क्षेत्र अंतर्गत नरहरपुर दल्लीजोत गांव निवासी रामसेवक यादव ने भवानीगंज थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनके पुत्र अनिल कुमार यादव ने सात वर्ष पूर्व भैसहिया गांव निवासी उर्मिला देवी से प्रेम विवाह किया था। इस विवाह से ससुराल पक्ष के कुछ लोग नाराज रहते थे। दंपती के एक पुत्र और एक पुत्री भी हैं।
तहरीर के अनुसार अनिल रोजी-रोटी कमाने के लिए बाहर रहते थे। 21 जून को उनके साले की शादी थी। आरोप है कि ससुर महेश यादव ने स्वयं फोन कर अनिल को शादी समारोह में शामिल होने के लिए बुलाया था। अनिल ससुराल पहुंच गये और शादी की तैयारियों में शामिल रहे। मृतक के पिता का आरोप है कि 23 जून की रात ससुराल पक्ष के लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते अनिल को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हालत बिगड़ने पर पत्नी उर्मिला ने अपने ससुर रामसेवक को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर अनिल के भाई सुनील और संदीप मौके पर पहुंचे और उसे घर ले आए।
स्वजन घायल अनिल को घर ले गए। वह वहां से उन्हें उपचार के लिए एंबुलेंस से बस्ती ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर खोड़ारे थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खबरें और भी
भवानीगंज थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने और जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।