सिद्धार्थनगर में शादी से लौट रही किशोरी की ट्रक से कुचलकर मौत, परिवार में पसरा मातम
सिद्धार्थनगर में शादी समारोह से लौट रही एक 17 वर्षीय किशोरी की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
शादी से लौट रही किशोरी की मौत।
तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, डुमरियागंज, (सिद्धार्थनगर)। शादी समारोह से घर लौट रही एक किशोरी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। डुमरियागंज-इटवा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से किशोरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
बस्ती जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र स्थित बनरही गांव निवासी 17 वर्षीय साधना, पुत्री बेचन प्रसाद निषाद, अपने स्वजन के साथ इटवा क्षेत्र के घोसिया मय सिरिया बघेल गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने आई थी। बुधवार को बारात की विदाई के बाद वह अपने भाई गोरखनाथ के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थी।
दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे जैसे ही दोनों डुमरियागंज नगर पंचायत क्षेत्र में डुमरियागंज-इटवा मार्ग स्थित एक निजी अतिथि भवन के समीप पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल में बंधे बैग को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही साधना संतुलन खोकर सड़क पर गिर गई।
इससे पहले कि वह संभल पाती, ट्रक उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन मृतका के भाई ने साहस दिखाते हुए उसका पीछा किया।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर पुलिस ने पकड़ा 85 लाख रुपए का गांजा, एक तस्कर गिरफ्तार
बताया जाता है कि मेथवलिया के पास चालक को रोक लिया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक और ट्रक दोनों को कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। विवाह की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। क्षेत्रीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक और चालक को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।