सीतापुर मिड-डे मील में लापरवाही, बच्चों को परोई गई पानी वाली सब्जी और जली रोटी; हेडमास्टर निलंबित
सीतापुर के महमूदाबाद स्थित प्राथमिक विद्यालय छंगापुर में बच्चों को मिड-डे मील में पानी वाली सब्जी और जली रोटी परोसी गई, जिसका वीडियो वायरल हो गया। इस ...और पढ़ें
HighLights
प्राथमिक विद्यालय छंगापुर में बच्चों को खराब मिड-डे मील मिला।
पानी वाली सब्जी और जली रोटी परोसने का वीडियो वायरल हुआ।
हेडमास्टर निलंबित, रसोइया बर्खास्त, अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई।
संवाद सूत्र, सीतापुर। महमूदाबाद के प्राथमिक विद्यालय छंगापुर में बच्चों को एमडीएम में पानी वाली सब्जी व जली रोटी परोसी गई। इसका वीडियो भी इंटरनेट पर प्रसारित हो रहा है। प्रधानाध्यापक को निलंबित करते हुए रसोइया की सेवा समाप्त कर दी गई है। बीईओ को प्रतिकूल प्रविष्टि देकर एमडीएम के जिला समन्वयक को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है।
सोमवार की शाम इसका वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हुआ था। इसका संज्ञान लेकर जिलाधिकारी डा. राजा गणपति आर. ने बीएसए डा. गोरखनाथ पटेल को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बीएसए बुधवार को विद्यालय पहुंचे। विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को बुलाकर बयान दर्ज किए। एमडीएम बनवाने से लेकर परोसने तक में लापरवाही की बात पता चली।
रसोइया के खराब कार्य व्यवहार व दाल व सब्जी की गुणवत्ता प्राय: खराब रहने व दूध निर्धारित मात्रा में विद्यार्थियों को वितरित न करने की पुष्टि हुई। बीएसए ने प्रधानाध्यापक कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया। रसोइया अनीता की सेवा समाप्त की गई है।
शिथिल पर्यवेक्षण के लिए बीईओ उदयमणि पटेल को प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए एमडीएम के जिला समन्वयक बृज मोहन सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। प्रकरण की जांच बीईओ पहला पुष्पराज सिंह को सौंपी गई है, वह एक माह में रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।