झगड़े के बाद पत्नी ने 6 माह की बच्ची को नहर में फेंका, पुलिस ने किया गिरफ्तार तो पति ने बताया मानसिक मंदित
सीतापुर के हुसैनगंज में एक दंपति के झगड़े के बाद पत्नी ने अपनी छह माह की बेटी को नहर में फेंक दिया। ग्रामीणों ने बच्ची का शव बरामद किया। पुलिस ने महिल ...और पढ़ें

HighLights
झगड़े के बाद मां ने छह माह की बेटी को नहर में फेंका।
ग्रामीणों ने एक घंटे बाद बच्ची का शव नहर से बरामद किया।
पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, सीतापुर। हुसैनगंज में शनिवार दोपहर दिल दहलाने वाली घटना हुई। दंपति में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इससे गुस्साई पत्नी ने अपनी छह माह की बेटी को नहर में फेंक दिया। ग्रामीण गोताखोरों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद बालिका का शव बरामद कर लिया। परिवारजन महिला को मानसिक रूप से मंदित बता रहे हैं।
वहीं, पुलिस ने महिला और परिवारजन से पूछताछ करने के बाद हत्या का मुकदमा लिखकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के कहने पर तहरीर पति ने दी है। दंपति विपिन कुमार और वंदना में पिछले तीन से झगड़ा हो रहा था।
शनिवार सुबह भी दोनों में झगड़ा हुआ। इसके बाद विपिन बाइक से कहीं चला गया। इसके कुछ देर बाद वंदना भी अपनी छह माह की बालिका को गोद में लेकर चली गई। परिवारजन ने समझा कि वह नाराजगी के चलते कहीं जा रही है और कुछ देर में वापस आ जाएगी।
उधर, वंदना ने गांव से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर बह रही नहर में बालिका को फेंक दिया। आसपास के मौजूद तैराकी जानने वाले लोग नहर में कूद पड़े। परिवारजन को भी सूचना दी गई।
उधर, वंदना बच्ची को फेंकने के बाद घर के लिए चल दी। इसी बीच बाइक से विपिन आ गया और वंदना को लेकर घटनास्थल पर पहुंचा। उधर, बालिका का शव भी बरामद हो गया। पुलिस ने वंदना को हिरासत में ले लिया।
खबरें और भी
वंदना को मानसिक मंदित बताने लगा विपिन
पुलिस की ओर से वंदना को हिरासत में लिए जाते ही विपिन के सुर बदल गए। वह पत्नी को मानसिक मंदित बताने लगा। कोतवाल विजयेंद्र सिंह ने इलाज का रिकार्ड मांगा तो नहीं दे पाए। इसके बाद विपिन ने तहरीर दी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा लिखकर वंदना को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित महिला पर हत्या का मुकदमा लिखकर गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
-विजयेंद्र सिंह, कोतवाल सिधौली।