विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंस्पायर अवार्ड में सोनभद्र समेत 29 जिले फिसड्डी, नामांकन की रफ्तार बेहद धीमी

By julfequar haider khan Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 03 Sep 2026 12:40 PM (IST)

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की इंस्पायर अवार्ड मानक योजना 2026-27 के तहत सोनभद्र सहित उत्तर प्रदेश के 29 जिलों में ...और पढ़ें

इंस्पायर अवार्ड मानक योजना: सोनभद्र समेत कई जिलों में नामांकन धीमा, विभाग चिंतित।

इंस्पायर अवार्ड मानक योजना: सोनभद्र समेत कई जिलों में नामांकन धीमा, विभाग चिंतित।

HighLights

  1. सोनभद्र सहित 29 जिलों में नामांकन की गति धीमी।

  2. इंस्पायर अवार्ड मानक योजना का उद्देश्य नवाचार को बढ़ावा देना।

  3. 15 सितंबर अंतिम तिथि, नामांकन बढ़ाने के निर्देश जारी।

जागरण, जुल्‍फेकार हैदर, सोनभद्र। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की इंस्पायर अवार्ड मानक योजना 2026-27 में सोनभद्र समेत प्रदेश के कई जिलों में नामांकन की रफ्तार बेहद धीमी है। 31 अगस्त तक पूरे प्रदेश में महज 45,500 नामांकन हो सके हैं, जबकि नामांकन की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित है। ऐसे में अंतिम चरण में नामांकन की संख्या बढ़ाना विभाग के सामने बड़ी चुनौती बन गया है।

सोनभद्र की स्थिति भी प्रदेश के उन 29 जिलों में है, जहां अब तक 200 से 500 के बीच ही नामांकन हुए हैं। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना है। इसके तहत विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के नए वैज्ञानिक विचारों और नवाचारों को सामने लाकर उन्हें प्रोत्साहित किया जाता है।

ऐसे में बड़ी संख्या में विद्यालयों और विद्यार्थियों वाले जिलों में नामांकन की धीमी गति को लेकर विभागीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है। 31 अगस्त तक सोनभद्र के अलावा मीरजापुर, भदोही, चंदौली और गाजीपुर समेत कुल 29 जिले 200 से 500 नामांकन वाले समूह में हैं। इस श्रेणी में मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, शामली, मथुरा, मैनपुरी, हाथरस, बिजनौर, बदायूं, शाहजहांपुर, रायबरेली, अमेठी, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, बस्ती, मऊ, झांसी, ललितपुर और हमीरपुर भी शामिल हैं।

वहीं सिद्धार्थनगर में अब तक एक भी नामांकन नहीं हुआ है। गौतमबुद्धनगर, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद और बांदा में भी 100 से कम नामांकन हुए हैं। हापुड़, कासगंज, बाराबंकी, संतकबीरनगर, बलिया, जौनपुर, फतेहपुर, प्रतापगढ़, कन्नौज, जालौन, चित्रकूट और महोबा 100 से 200 नामांकन वाले जिलों में हैं।

नौ जिलों ने 1500 का आंकड़ा पार किया

प्रदेश में दूसरी ओर कुछ जिलों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। आगरा, अलीगढ़, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, लखीमपुर खीरी और कौशाम्बी में 1500 से अधिक नामांकन हो चुके हैं। बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, एटा, अमरोहा, संभल, पीलीभीत, सुल्तानपुर, देवरिया, आजमगढ़, प्रयागराज, कानपुर नगर और कानपुर देहात में 500 से 800 के बीच नामांकन हुए हैं। ऐसे में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों और पिछड़े जिलों के आंकड़ों में बड़ा अंतर सामने आ रहा है।

अंतिम तिथि से पहले बढ़ानी होगी रफ्तार

नामांकन की धीमी प्रगति को देखते हुए शिविर कार्यालय की ओर से सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र भेजकर अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र में 14 जुलाई, 13 अगस्त और 20 अगस्त को जारी निर्देशों का भी हवाला दिया गया है। अब 15 सितंबर की अंतिम तिथि से पहले विद्यालयों तक योजना की जानकारी पहुंचाने, विद्यार्थियों के नवाचारों की पहचान करने और अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों का नामांकन कराने पर जोर दिया जा रहा है। सोनभद्र में भी अंतिम दिनों में नामांकन की रफ्तार बढ़ाना विभाग के लिए बड़ी चुनौती है।

इंस्पायर अवार्ड के लिए छात्रों का नामांकन बढ़ाने का निर्देश प्रधानाचार्यो को दिया गया है। सोनभद्र में शुरूआत में नामांकन की प्रगति धीमी रही है। अब इसके तेज कर 15 सितंबर तक ज्यादा से ज्यादा नामांकन कराया जाएगा।


-

जयराम सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, सोनभद्र ।