सोनभद्र में बस्ता जमा कर लेखपालों ने छोड़ा अतिरिक्त क्षेत्रों का चार्ज, मांगों को लेकर जताया विरोध
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने सोनभद्र के राबर्ट्सगंज तहसील में बस्ता जमा कर अतिरिक्त क्षेत्रों का कार्यभार छोड़ दिया। वे ...और पढ़ें

सोनभद्र में लेखपालों का विरोध: अतिरिक्त कार्यभार छोड़ा, मांगों पर अड़े।
HighLights
लेखपालों ने सोनभद्र में बस्ता जमा कर विरोध जताया।
अतिरिक्त सर्किल/क्षेत्रों का कार्यभार छोड़ने का निर्णय लिया।
ग्रेड पे, स्थानांतरण सहित कई मांगों को लेकर प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने मंगलवार को राबर्ट्सगंज तहसील में बस्ता जमा कर विरोध जताया। लेखपालों ने अतिरिक्त सर्किल अथवा क्षेत्र का कार्यभार छोड़ने की कार्रवाई की। संघ ने स्पष्ट किया कि मांगों का समाधान होने तक लेखपाल एक वेतन, एक हल्का के आधार पर ही कार्य करेंगे।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि लेखपाल लंबे समय से 2800 ग्रेड पे, अंतरमंडलीय स्थानांतरण, लेखपाल पद को तकनीकी घोषित करने और यात्रा भत्ता समेत अन्य मांगों को शासन स्तर पर उठा रहे हैं। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से आक्रोश है। लेखपालों का कहना है कि अतिरिक्त सर्किल अथवा क्षेत्र का कार्यभार मिलने से नियमित कार्य का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
ऐसे में अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालना मुश्किल हो रहा है। इसी के विरोध में संघ ने अतिरिक्त सर्किल अथवा क्षेत्र का चार्ज छोड़ने का निर्णय लिया है। मंगलवार को राबर्ट्सगंज तहसील में लेखपालों ने अपना बस्ता जमा कर विरोध दर्ज कराया। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मूल मांगों का शीघ्र समाधान किया जाना जरूरी है।
सकारात्मक निर्णय होने तक अतिरिक्त क्षेत्रों का कार्यभार नहीं संभाला जाएगा। इस मौके प्रदेश उपाध्यक्ष सुबोध सिंह, तहसील अध्यक्ष संजय सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज सिंह, तहसील मंत्री साजिद खां, राजेंद्र यादव, अभिनव द्विवेदी, शैलेंद्र मिश्रा, कन्हैया लाल पटेल आदि मौजूद रहे।
