शिवद्वार में सावन मेले की तैयारियां तेज, बम निरोधक दस्ते ने की मंदिर परिसर की जांच
शिवद्वार मंदिर में श्रावण मास के पहले सोमवार के लिए प्रशासन और मंदिर समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा के मद्देनजर बम निरोधक दस्ते ने मंदिर पर ...और पढ़ें

बम निरोधक दस्ते ने मंदिर परिसर और यज्ञशाला की जांच की।
HighLights
श्रावण मास के पहले सोमवार के लिए तैयारियां तेज।
बम निरोधक दस्ते ने मंदिर परिसर की गहन जांच की।
श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु अलग कतारें और यातायात प्रबंधन।
जागरण संवाददाता, घोरावल (सोनभद्र)। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर जुटने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिले के प्रसिद्ध गुप्तकाशी शिवद्वार मंदिर में प्रशासन और मंदिर समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन-पूजन के लिए महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग कतारें बनाने के लिए बांस-बल्ली से बैरिकेडिंग की जा रही है।
मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सावन के प्रत्येक सोमवार को यहां हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक और पूजा-अर्चन के लिए पहुंचते हैं।
पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। शुक्रवार को बम निरोधक दस्ते ने मंदिर परिसर, यज्ञशाला और आसपास के भीड़भाड़ वाले स्थानों की गहन जांच की। मुख्य मार्गों पर बैरियर लगाए जा रहे है ताकि यातायात सुचारु रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इंडियन बैंक के पास भारी वाहनों को रोकने की व्यवस्था रहेगी, जबकि संग्रहालय, सतद्वारी प्राथमिक विद्यालय और मंदिर के पीछे कोहरथा मार्ग पर भी बैरियर स्थापित किए जा रहे हैं। मुख्य सड़क पर कांवर रखने के लिए भी विशेष स्थान बनाया जा रहा है।
श्रावण मेले की तैयारियों को लेकर बीते दिनों एडीएम और सीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
उसी कार्ययोजना के तहत सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उधर, सावन के दूसरे दिन जिला जज ने भी शाम के समय मंदिर पहुंचकर भगवान उमा-महेश्वर का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।
यह भी पढ़ें- बलिया: एक रात में नदी में समाए नौ लोगों के आशियाने, कटान की दहलीज पर कई मकान