बाणसागर बांध के छह गेट लगातार दूसरे दिन खुले, सोन में 804 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा
बाणसागर बांध के छह गेट लगातार दूसरे दिन भी खुले रहे, जिससे सोन नदी में कुल 804 क्यूमेक्स पानी छोड़ा ...और पढ़ें

बाणसागर बांध के गेट खुले, सोन नदी में बढ़ा जलस्तर, लोगों को सतर्क रहने की सलाह।
HighLights
बाणसागर बांध के छह गेट लगातार दूसरे दिन खुले रहे।
सोन नदी में कुल 804 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है।
डाउनस्ट्रीम निवासियों को नदी किनारे न जाने की अपील की।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। बाणसागर बांध के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पानी की आवक के चलते बांध के छह रेडियल गेट लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी खुले रहे। बांध में पूर्ण भराव जलस्तर बनाए रखने और बढ़ती आवक को नियंत्रित करने के लिए गेट संख्या छह, सात, आठ, नौ, 10 और 11 को 0.50-0.50 मीटर खोला गया है।
इन गेटों से स्पिलवे के जरिए 630 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं पावर हाउस क्रमांक तीन से छोड़े जा रहे पानी को मिलाकर सोन नदी में कुल 804 क्यूमेक्स जल का प्रवाह हो रहा है।
जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि बांध में पानी की आवक बढ़ने पर डिस्चार्ज की मात्रा और बढ़ाई जा सकती है। इसे देखते हुए बाणसागर बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में सोन नदी के दोनों किनारों पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मैदानी अमले को भी अलर्ट रहने और तटवर्ती क्षेत्रों में आवश्यक सूचना प्रसारित कराने को कहा गया है।
नदी किनारे जाने से बचने की अपील
जुगैल क्षेत्र में भी बांध से पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी के तटवर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। विभाग ने ग्रामीणों से नदी के किनारे नहीं जाने, नहाने और मछली पकड़ने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। खासकर निचले स्तर पर बसे गांवों में लोगों को जलस्तर बढ़ने की स्थिति को लेकर सावधान किया गया है। बांध के कैचमेंट क्षेत्र में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। ऐसे में जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए गेटों से छोड़े जा रहे पानी की मात्रा में जरूरत के अनुसार वृद्धि की जा सकती है।
