सोनभद्र में फेसबुक पर रकम दोगुनी करने का झांसा, 15.93 लाख की साइबर ठगी में दो गिरफ्तार
सोनभद्र में फेसबुक पर निवेश दोगुना करने का लालच देकर जितेंद्र कुमार मौर्य से 15.93 लाख रुपये की साइबर ठगी ...और पढ़ें

15.93 लाख की साइबर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।
HighLights
फेसबुक पर निवेश दोगुना करने का लालच देकर 15.93 लाख की ठगी।
सोनभद्र में जितेंद्र कुमार मौर्य बने साइबर ठगी का शिकार।
दो आरोपी गिरफ्तार, मीरजापुर जेल से कपिल देव की रिमांड होगी।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। फेसबुक पर निवेश की रकम कम समय में दोगुनी करने का लालच देकर करमा क्षेत्र के जितेंद्र कुमार मौर्य से 15 लाख 93 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए मीरजापुर के चुनार थाना क्षेत्र के देवरिया जगन्नाथपुर गांव निवासी जयप्रकाश बिंद व रोहित उर्फ बंबू का पुलिस ने चालान कर दिया। तकनीकी और इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के आधार पर हुई कार्रवाई में पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण जानकारी लगी है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित अपने बैंक खाते मीरजापुर जेल में बंद कपिल देव भारद्वाज को उपलब्ध कराते थे। कपिल का नाम रेलवे कर्मचारी से पेंशन के नाम पर ठगी में भी आया था। रेलवे कर्मचारी को पेंशन के नाम पर साइबर ठगी का शिकार बनाया गया था। इस मामले में कपिल देव को प्रथम लेयर का बेनिफिशियरी पाया गया था।
अब पुलिस कपिल देव को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि उससे पूछताछ में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले अन्य व्यक्तियों, ठगी की रकम के प्रवाह और साइबर फ्राड करने वाले वास्तविक संचालकों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं। पुलिस का फोकस पूरे नेटवर्क की अगली कड़ियों को जोड़ने पर है।
फेसबुक के विज्ञापन से शुरू हुआ संपर्क
करमा थाना क्षेत्र के ग्राम करकी निवासी जितेंद्र कुमार मौर्य की शिकायत के अनुसार वर्ष 2023 में फेसबुक पर उन्हें निवेश की रकम दोगुनी करने संबंधी विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन के माध्यम से उनका संपर्क साइबर ठगों से हुआ। आरोपितों ने विभिन्न माध्यमों से संपर्क कर उन्हें बेट-वेट एप के जरिये रकम निवेश करने के लिए तैयार किया। भरोसा दिलाया गया कि निवेश की गई धनराशि पर अच्छा लाभ मिलेगा और रकम दोगुनी होकर वापस प्राप्त होगी।
लाभ के लालच में फंसकर जितेंद्र ने मई 2023 से जून 2026 के बीच कई बार में कुल 15,93,000 रुपये निवेश कर दिए। रकम जमा होने के बाद जब उन्होंने भुगतान और अपनी मूल धनराशि वापस मांगी तो आरोपित टालमटोल करने लगे। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस से शिकायत की।
बैंक खातों से लेकर ऑनलाइन गेमिंग एप तक जुड़ी कड़ियां
साइबर थाना के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाला।
इसी दौरान मीरजापुर के देवरिया जगन्नाथुर निवासी जयप्रकाश बिंद और रोहित उर्फ बंबू की भूमिका सामने आई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनकी मुलाकात चुनार थाना क्षेत्र के दीक्षितपुर निवासी कपिल देव भारद्वाज से हुई थी। कपिल देव वर्तमान में मीरजापुर जेल में बंद है।
दोनों आरोपित अपने बैंक खाते कपिल देव को उपलब्ध कराते थे। पुलिस के अनुसार कपिल देव ऑनलाइन गेम से संबंधित एपीके फाइल साइबर फ्रॉड करने वाले लोगों को उपलब्ध कराता था।
ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खातों की व्यवस्था भी की जाती थी। गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि जिन साइबर ठगों को कपिल देव बैंक खाते उपलब्ध कराता था, उनसे उनकी कभी मुलाकात नहीं हुई।
